अलास्का में 6.2 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी; ताजिकिस्तान में भी हिले धरती के कदम.
अलास्का में 6.2 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी; ताजिकिस्तान में भी हिले धरती के कदम
सोमवार तड़के अमेरिका के अलास्का में जोरदार भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिएक्टर पैमाने पर 6.2 मापी गई, जबकि इसका केंद्र 48 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।

भूकंप के तुरंत बाद अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने अलास्का की खाड़ी के तटीय इलाकों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी कर दी। लोगों को समुद्र तटों और नदियों से दूर रहने तथा सुरक्षित ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर जाने की सलाह दी गई है।
एनसीएस का कहना है कि इतनी कम गहराई में आया भूकंप "उथला भूकंप" माना जाता है, जो आमतौर पर अधिक खतरनाक होता है क्योंकि इसकी भूकंपीय तरंगें तेजी से सतह तक पहुंचती हैं। इससे धरती अधिक हिलती है और इमारतों को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ जाता है, जिससे जनहानि की आशंका भी बढ़ती है।
बता दें कि इससे पहले 17 जुलाई को भी अलास्का में 7.3 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका केंद्र 36 किलोमीटर गहराई में था। लगातार भूकंपीय गतिविधियों के चलते विशेषज्ञ अलास्का क्षेत्र में उच्च भूकंपीय जोखिम की चेतावनी दे रहे हैं।
इस बीच, ताजिकिस्तान में भी सोमवार तड़के 4.6 तीव्रता का भूकंप आया। एनसीएस के मुताबिक, इसका केंद्र 23 किलोमीटर गहराई में पाया गया।
अब तक दोनों देशों में किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं मिली है, लेकिन स्थिति पर निगरानी जारी है। विशेषज्ञों ने आगे के आफ्टरशॉक्स की आशंका जताई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।