ढाका के कॉलेज में क्रैश हुआ बांग्लादेश एयरफोर्स का प्लेन, 19 की मौत, 160 लोग घायल.
ढाका। बांग्लादेश की राजधानी ढाका के उत्तरा इलाके में मिलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज में सोमवार को एक फाइटर जेट क्रैश हो गया। इस हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई है। इनमें 16 छात्र, 2 शिक्षक और पायलट शामिल हैं। हादसे में 160 लोग घायल हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार क्रैश में मारे गए पायलट की पहचान फ्लाइट लेफ्टिनेंट मोहम्मद तौकीर इस्लाम के रूप में हुई है। हादसे के समय वह एक नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर थे। इस हादसे में 160 लोग घायल हुए हैं। दुर्घटनाग्रस्त विमान F-7BGI था, जो चीन के J-7 का एडवांस वर्जन है। यह बांग्लादेश एयरफोर्स के बेड़े में शामिल 16 विमानों में से एक था। बांग्लादेश वायुसेना की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि F-7 BGI ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट ने दोपहर 1:06 बजे उड़ान भरी थी और उत्तरा इलाके में हादसे का शिकार हुआ। देश की फायर सर्विस ने बताया कि मौके पर नौ दमकल यूनिट और छह एंबुलेंस तैनात की गईं।
जांच कराएगी सरकार
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने कहा कि हादसे की जांच के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और सभी प्रकार की सहायता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि यह राष्ट्र के लिए गहरे दुख का क्षण है।