कोहरे का कहर: दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसे, दो की मौत, कई घायल.
कोहरे का कहर: दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसे, दो की मौत, कई घायल
हरियाणा में सोमवार सुबह घने कोहरे ने दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर भारी तबाही मचा दी। नूंह और फरीदाबाद में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसों की मुख्य वजह कम दृश्यता और तेज रफ्तार बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार नूंह जिले में नरियाला–पठकपुर गांव के पास घने कोहरे के चलते दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर कई वाहन आपस में टकरा गए। सुबह के समय दृश्यता बेहद कम थी, जिससे वाहन चालकों को सामने की गाड़ियां नजर नहीं आईं और यह भीषण टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग को साफ कराया।
वहीं फरीदाबाद में सुबह सीकरी के पास तेज रफ्तार फोर्ड एंडेवर कार घनी धुंध के कारण एक्सप्रेसवे पर खड़े एक कंटेनर में पीछे से जा घुसी। इस हादसे में कार चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक एक्सप्रेसवे से उतरते समय कार की रफ्तार काफी ज्यादा थी। घनी धुंध के चलते ड्राइवर को सड़क पर खड़ा कंटेनर नजर नहीं आया और कार सीधे उसमें जा टकराई। लगातार बढ़ रही ठंड और कोहरे के बीच प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि एक्सप्रेसवे पर गति सीमा का पालन करें और खराब मौसम में अतिरिक्त सतर्कता बरतें।