दिल्ली ब्लास्ट को केंद्र सरकार ने माना आतंकी हमला, मोदी कैबिनेट ने पास किया प्रस्ताव, दोषियों को मिलेगी सख्त सजा.
नई दिल्ली। दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए ब्लास्ट को केंद्र सरकार ने आतंकी हमला माना है। बुधवार को हुई मोदी कैबिनेट की बैठक में इस संबंध में एक प्रस्ताव पारित कर पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी गई। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह जानकारी देते हुए कहा कि इस आतंकी हमले के गुनहगारों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट प्रस्ताव को पढ़ते हुए कहा कि देश विरोधी ताकतों ने 10 नवंबर को लाल किले के पास कार में ब्लास्ट किया। यह एक जघन्य आतंकवादी घटना है। मंत्रिमंडल ने तुरंत और पेशेवर तरीके से इस आतंकी हमले की जांच के निर्देश दिए हैं ताकि गुनाहगारों और उसके सहयोगियों की पहचान की जा सके और उन्हें बिना किसी देरी के न्याय के कटघरे में लाया जा सके। वैष्णव ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के प्रति अटूट प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल राष्ट्रीय सुरक्षा और हर नागरिक की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप सभी भारतीयों के जीवन और कल्याण की रक्षा के लिए सरकार के दृढ़ संकल्प की पुष्टि करता है।
समर्थन करने वाले देशों की सराहना
कैबिनेट ने दुनिया के कई देशों द्वारा व्यक्त एकजुटता और समर्थन के संदेशों की सराहना की। बैठक में कहा गया कि संकट की घड़ी में वैश्विक सहयोग भारत की दृढ़ता को और मजबूत करता है। सरकार ने जांच एजेंसियों को निर्देश दिया कि घटना में शामिल सभी आतंकियों, उनके सहयोगियों और प्रायोजकों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाए।
ब्लास्ट में अब तक 12 लोगों की मौत
लाल किला धमाके में अब तक 12 लोगों की मौत और 20 के घायल होने की पुष्टि हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूटान से लौटते ही घायलों से मुलाकात की और दोषियों को जल्द सज़ा दिलाने का भरोसा दिया। धमाके के बाद दिल्ली पुलिस, एनआईए और केंद्रीय एजेंसियों ने मिलकर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में यह साफ हुआ कि विस्फोट में हाई-इंटेंसिटी विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस ने घटना स्थल से कुछ संदिग्ध वस्तुएं और सीसीटीवी फुटेज जब्त किए। पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और प्रमुख शहरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई।