भारतीय रिजर्व बैंक का निर्देश: सभी बैंक अपनाएं '.bank.in' डोमेन, साइबर धोखाधड़ी से सुरक्षा होगी मजबूत.
भारतीय रिजर्व बैंक का निर्देश: सभी बैंक अपनाएं '.bank.in' डोमेन, साइबर धोखाधड़ी से सुरक्षा होगी मजबूत
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने देश के सभी बैंकों को निर्देश जारी किया है कि वे अपने मौजूदा इंटरनेट डोमेन को बदलकर '.bank.in' डोमेन अपनाएं। यह प्रक्रिया 31 अक्तूबर, 2025 तक पूरी करनी होगी। इस कदम का मुख्य उद्देश्य डिजिटल भुगतान प्रणाली में तेजी से बढ़ रही साइबर धोखाधड़ी और फ़िशिंग जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।
डिजिटल बैंकिंग को सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने की पहल
RBI ने स्पष्ट किया कि '.bank.in' डोमेन की शुरुआत भारतीय बैंकिंग प्रौद्योगिकी विकास एवं अनुसंधान संस्थान (IDRBT) के माध्यम से की जा रही है। इस डोमेन के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के अंतर्गत भारतीय राष्ट्रीय इंटरनेट एक्सचेंज (NIXI) को विशेष रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है।
बैंक IDRBT से करें संपर्क
सभी बैंक इस डोमेन के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने हेतु IDRBT से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए 'sahyog@idrbt.ac.in' ईमेल आईडी पर आवेदन भेजा जा सकता है। IDRBT, बैंकों को आवेदन प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं और डोमेन माइग्रेशन के विभिन्न चरणों में मार्गदर्शन प्रदान करेगा।
31 अक्तूबर 2025 है अंतिम तिथि
RBI ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी बैंक '.bank.in' डोमेन में माइग्रेशन की प्रक्रिया "जितनी जल्दी संभव हो" शुरू करें और इसे 31 अक्तूबर, 2025 तक पूर्ण कर लें। इससे डिजिटल बैंकिंग सेवाओं की सुरक्षा मजबूत होगी और उपभोक्ताओं का विश्वास भी बढ़ेगा।