भाजपा के राजा इकबाल सिंह बने दिल्ली के मेयर, कांग्रेस उम्मीदवार को मिले सिर्फ 8 वोट, 'आप' ने नहीं लड़ा था चुनाव.
नई दिल्ली। दिल्ली में मेयर की कुर्सी पर भाजपा का कब्जा हो गया है। भाजपा के राजा इकबाल सिंह दिल्ली के मेयर चुन लिए गए हैं, उन्हें 133 वोट मिले। कांग्रेस के प्रत्याशी मनदीप सिर्फ आठ वोट ही जुटा पाए। इस चुनाव से आम आदमी पार्टी ने किनारा कर लिया था।
शुक्रवार 25 अप्रैल को दिल्ली में मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए वोटिंग हुई है। मेयर के पद पर राजा इकबाल सिंह विजयी हुए। राजा इकबाल सिंह का दावा है कि भाजपा भ्रष्टाचार को खत्म करेगी और बीते दो वर्षों से रुके हुए सभी कार्यों को पूरा करेगी। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के मेयर चुनाव का बहिष्कार किया था। इसके बाद चुनाव में कुल 142 वोट पड़े थे। शुक्रवार को चुनाव के लिए हुई वोटिंग में राजा इकबाल सिंह को 133 वोट मिले। उनके खिलाफ चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के मनदीप सिंह को केवल 8 वोट प्राप्त हुए। वहीं, एक वोट इनवेलिड हो गया।
उल्लेखनीय है कि सरदार राजा इकबाल सिंह अकाली दल को छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। वे अब तक दिल्ली एमसीडी के नेता विपक्ष संभाल रहे थे। वह इससे पहले नॉर्थ एमसीडी के मेयर का पद भी संभाल चुके हैं। राजा इकबाल सिंह दिल्ली के जीटीबी नगर से पार्षद रह चुके हैं। वह 2020 के सितंबर महीने तक निगम के सिविल लाइंस जोन के प्रमुख भी रहे थे।