ट्रंप ने यूरोपीय संघ के साथ टैरिफ वार्ता की डेडलाइन बढ़ाई, अब 9 जुलाई तक चलेगी बातचीत.
ट्रंप ने यूरोपीय संघ के साथ टैरिफ वार्ता की डेडलाइन बढ़ाई, अब 9 जुलाई तक चलेगी बातचीत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय संघ के साथ टैरिफ पर चल रही बातचीत की डेडलाइन 9 जुलाई, 2025 तक बढ़ाने पर सहमति जताई है। इसकी जानकारी उन्होंने अपने ट्रुथ सोशल अकाउंट के जरिए दी।
इससे पहले यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भी ट्रंप से फोन पर बातचीत की पुष्टि करते हुए एक्स पर लिखा राष्ट्रपति ट्रंप के साथ अच्छी बातचीत हुई। यूरोपीय संघ और अमेरिका के बीच दुनिया का सबसे अहम और घनिष्ठ व्यापारिक संबंध है। यूरोप निर्णायक और तेज़ी से बातचीत को आगे बढ़ाने को तैयार है। किसी समझौते पर पहुंचने के लिए हमें 9 जुलाई तक का समय चाहिए।
ट्रंप ने दी थी टैरिफ बढ़ाने की चेतावनी
ट्रंप ने बताया कि उन्हें उर्सुला वॉन डेर लेयेन का फोन आया, जिसमें उन्होंने 1 जून की डेडलाइन को आगे बढ़ाने की अपील की। ट्रंप ने कहा मैंने टैरिफ़ पर बातचीत की डेडलाइन 9 जुलाई तक बढ़ाने पर सहमति जताई है।
गौरतलब है कि पिछले महीने ट्रंप ने यूरोपीय संघ के अधिकांश सामानों पर 20% टैरिफ लगाने की घोषणा की थी, जिसे बातचीत के चलते अस्थायी रूप से घटाकर 10% कर दिया गया था।
हालांकि, शुक्रवार को ट्रंप ने बातचीत की धीमी गति पर नाराज़गी जताते हुए 50% टैरिफ लगाने की चेतावनी दी थी। इसके बाद डेडलाइन को आगे बढ़ाने की यह पहल सामने आई है, जिससे उम्मीद की जा रही है कि दोनों पक्ष किसी समझौते पर पहुंच सकते हैं।