दुबई से वापस इंदौर आ रहे हैं अपने शहर के कारोबारी और धंधेबाज नेता, इस रंगपंचमी इनका नागरिक सम्मान कर दो भाई.
इंदौर। दुबई में होटल खरीदने गए इंदौर के कारोबारी और धंधेबाज नेता आज वापस अपने शहर लौट रहे हैं। दुबई एयरपोर्ट से उनकी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर दिखाई दे रही हैं। इनमें पूर्व विधायक संजय शुक्ला और विशाल पटेल भी हैं। संजय शुक्ला तो फर्जी वीडियो दिखाकर पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मदद की गुहार कर चुके हैं।
जब ईरान ने दुबई पर ड्रोन से हमले शुरू किए तो वहां का एयरपोर्ट बंद कर दिया गया था। चूंकि अमेरिका और इजरायल मिलकर ईरान पर हमला कर रहे हैं, बदले में ईरान भी दुबई सहित कुछ अन्य स्थानों पर हमले की कोशिश कर रहा था। इसी वजह से हवाई यातायात बाधित हुआ। इसी दौरान दुबई में होटल खरीदने गए संजय शुक्ला, विशाल पटेल, पिंटू छाबड़ा, संजय अग्रवाल, प्रवीण कक्कड़, गोलू पाटनी और मनीष शहारा वहां फंस गए।
वहां फंसे इंदौर के लोगों का हाल भी पूछ लेते
यह भी पता चला है कि इंदौर के काफी लोग इस समय दुबई में फंसे हुए हैं, लेकिन हमारे नेता अपने लोगों का हाल बताते कभी नजर नहीं आए। सोशल मीडिया पर फर्जी गुहार भी लगाई तो सिर्फ अपने लिए। अब लोग पूछ रहे हैं कि आप तो आ रहे हो और सरकार से मदद भी ले रहे हो, लेकिन वहां फंसे इंदौर के बाकी लोगों के लिए क्या किया?
इंदौर की कमाई, दुबई में लगाई
यह पूरी टीम इंदौर से कमाई करती है, लेकिन खर्च दुबई में करती है। इनमें से अधिकांश के कई धंधे दुबई में हैं। इस बार भी किसी होटल में बड़ा इन्वेस्टमेंट करने ये सब दुबई गए थे। हालांकि यह सारा धंधा छुप-छुप कर होता है, लेकिन इस बार बिगड़े हालात के कारण पोल-पट्टी खुल गई। अब लोग कह रहे हैं वाह रे इंदौरी नेता, शहर से पैसा कमाकर दुबई पहुंचाते हो। इंदौर के लिए क्या किया? यहां बाहर से इन्वेस्टर बुलाने पड़ते हैं, जब इतना पैसा आपके पास है तो शहर का कुछ भला ही कर देते।
रंगपंचमी पर इनका सम्मान कर दो भाई
इतने बड़े काम करके युद्ध के हालात में सुरक्षित अपने शहर में फिर से कारोबार जमाने वाले इन नेताओं का तो सम्मान होना चाहिए। होली कल है ही, रंगपंचमी आने वाली है। क्यों न इन नेताओं और कारोबारियों का नागरिक सम्मान भी कर दिया जाए। आखिर शहर के लिए इन्होंने इतना किया है। यहां से पैसा कमाकर दुबई में नाम रौशन कर रहे हैं। इतना अधिकार तो इनका बनता ही है।
फर्जी वीडियो दिखाकर मांग रहे थे मदद
संजय शुक्ला तो एक फर्जी वीडियो जारी करने के मामले में बुरी तरह फंसे हुए हैं। वीडियो में संजय शुक्ला बैकग्राउंड में कुछ जलता हुआ दिखाकर बम के हमले की बात करते हैं। यह वीडियो सामने आते ही दुबई के लोगों ने ही बताया कि वे जहां पर बम गिरने की बात कह रहे हैं वह जगह दुबई के रहवासी क्षेत्र के बाहर का हिस्सा है। वहां पर एक गोडाउन में आग लगी है जिस पर नियंत्रण किया जा रहा है। आग इसलिए बढ़ गई, क्योंकि वहां पर टायर के गोदाम हैं जिनमें आग फैलने से उसे नियंत्रित करने में परेशानी आई है। जिस गोडाउन में आग लगी है उसमें इलेक्ट्रानिक्स से जुड़ा सामान है। लोगों ने साफ कहा कि कोई हमले जैसी बात नहीं है। इसके बाद दुबई में रहने वाले एक अन्य व्यक्ति ने कार से घूमकर वीडियो बनाया। उन्होंने कहा कि संजय शुक्ला हैं भले ही हैं दुबई में लेकिन चैनल इंडिया का ही देख रहे हैं। उस व्यक्ति ने कहा कि मैं कार से दुबई का चक्कर लगा रहा हूं। ऐसा नहीं कि कुछ नहीं हुआ है।