रिटायर्ड आबकारी अधिकारी धर्मेंद्र भदौरिया के आठ ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, घर से 75 लाख रुपए नकद और ढाई किलो सोना मिला.
इदौर। लोकायुक्त की टीम ने रिटायर्ड आबकारी अधिकारी धर्मेंद्र सिंह भदौरिया के आठ ठिकानों पर छापे मारे हैं। इंदौर में उनके ओल्ड पलासिया स्थित फ्लैट, बिजनेस पार्क और एरोड्रम रोड स्थित ऑफिस समेत 4 जगहों पर कार्रवाई चल रही है। ग्वालियर में इंद्रमणि नगर स्थित घर पर भी अफसरों की टीम पहुंची है।
बताया जाता है कि लोकायुक्त की टीम को छापे के दौरान बड़ी मात्रा में गोल्ड और कैश मिला है। धर्मेंद्र सिंह भदौरिया अगस्त 2025 में सेवानिवृत्त हुए थे। इससे पहले 2020 में शराब ठेकों की नीलामी में लापरवाही के चलते उनको निलंबित किया गया था। नीलामी समय पर नहीं होने के कारण उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई थी।
दो करोड़ की आय, आठ करोड़ खर्च
लोकायुक्त डीएसपी सुनील तालान ने बताया कि आठ ठिकानों पर रेड हुई है। ये हाल ही में अलीराजपुर से रिटायर हुए हैं। इंदौर के तीन आवास, चार ऑफिस और ग्वालियर के एक आवासर पर सर्च की कार्रवाई की गई है। इनके कैलाश कुंज स्थित आवास से 75 लाख रुपए नकद और करीब ढाई किलो सोना और ढाई किलो चांदी मिली है। इसके अलावा महंगी घड़ियां, यूरो आदि मिले हैं। डीएसपी ने बताया कि 1987 में ये भर्ती हुए थे, तब से लेकर अब तक इनकी कमाई दो करोड़ रुपए है, लेकिन इन्होंने करीब आठ करोड़ रुपए खर्च किए हैं।
आठ बैंक अकाउंट और तीन लॉकर मिले
डीएसपी सुनील तालान ने बताया कि अभी कार्रवाई जारी है। शाम तक सभी चल-अचल संपत्तियों की जानकारी मिल जाएगी। अभी तक सात-आठ बैंक अकाउंट और तीन लॉकर की जानकारी मिली है, जिसे खुलवाया जाएगा। इनका बेटा सूर्यांश भदौरिया फिल्मों में इन्वेस्टमेंट करता था। उसकी जानकारी भी निकाली जा रही है।