आईसीसी ने भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव पर लगाया जुर्माना, पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों की दी थी श्रद्धांजलि.
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव पर जुर्माना लगाया है। यादव ने एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच के बाद पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजली दी थी। आईसीसी ने भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव पर मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया है।
न्यूज एजेंसियों के अनुसार एशिया कप आयोजकों ने शुक्रवार को बताया कि भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव पर टूर्नामेंट के ग्रुप लीग मैच के बाद पाकिस्तान के खिलाफ की गई टिप्पणियों के लिए मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। इस मुकाबले के बाद उन्होंने दोनों देशों के बीच मई में हुए सैन्य संघर्ष का जिक्र किया था। भारत ने इस सजा के खिलाफ अपील की है। उल्लेखनीय है कि सूर्यकुमार ने 14 सितंबर को पाकिस्तान पर अपनी टीम की जीत को पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ितों और भारतीय सशस्त्र बलों को समर्पित किया था। सूर्यकुमार ने खुद को निर्दोष बताया लेकिन उन्हें टूर्नामेंट के बाकी मैचों में ऐसा कोई बयान नहीं देने को कहा गया जिसे राजनीतिक माना जा सके। भारतीय कप्तान की सुनवाई आईसीसी मैच रैफरी रिची रिचर्डसन ने की।
साहिबजादा को सिर्फ चेतावनी
आईसीसी के इस फैसले पर लोग सवाल उठा रहे हैं, क्योंकि साहिबज़ादा फरहान को उनके गन सेलिब्रेशन के लिए सिर्फ वार्निंग दी गई है। इसी तरह हारिस रऊफ को 6-0 का इशारा करने के लिए मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
पीसीबी ने जताई थी आपत्ति
पीसीबी ने 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मैच के बाद निर्धारित सात दिन की अवधि के भीतर शिकायत दर्ज की थी। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस मैच में पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था और भारतीय टीम की जीत को ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम देने वाले भारतीय सशस्त्र बलों को समर्पित किया था। उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के प्रति भी एकजुटता व्यक्त की थी।