पूर्व क्रिकेटर मिथुन मनहास बने बीसीसीआई के नए अध्यक्ष, जम्मू-कश्मीर से पहली बार कोई खिलाड़ी इस पद तक पहुंचा.
नई दिल्ली। भारत के पूर्व क्रिकेटर मिथुन मनहास भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के नए अध्यक्ष चुने गए हैं। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने ट्वीट कर मिथुन मनहास को बधाई दी है। मनहास का नाम हाल ही में नई दिल्ली में हुई बीसीसीआई की एक अनौपचारिक बैठक के बाद सामने आया, जहां यह तय किया गया कि उन्हें अध्यक्ष पद के लिए आगे बढ़ाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने रोजर बिन्नी के कार्यकाल समाप्त होने के बाद से खाली था। बताया जाता है कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह और रघुराम भट्ट भी इस दौड़ में थे। हालांकि अंत में मनहास पर सहमति बनी। बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक में औपचारिक रूप से नई कमेटी का एलान किया गया। यह पहली बार है, जब जम्मू-कश्मीर से कोई खिलाड़ी इस पद के लिए चुना गया है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने लिखा कि मिथुन मनहास को आधिकारिक तौर पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड का नया अध्यक्ष घोषित किया गया है। जम्मू और कश्मीर के सबसे दूरदराज़ जिलों में से एक, डोडा के लिए यह दिन कितनी बड़ी उपलब्धि है, इसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। यह जिला मेरी अपनी जन्मभूमि भी है।
जम्मू-कश्मीर से हैं मनहास
45 साल के मिथुन मनहास भारतीय क्रिकेट में लंबे समय तक घरेलू क्रिकेट के स्टार रहे। वे घरेलू क्रिकेट में दिल्ली टीम के लिए खेले। उन्होंने 1997-98 से लेकर 2016-17 तक के लंबे करियर में 157 फर्स्ट क्लास, 130 लिस्ट ए और 91 टी20 मुकाबले खेले हैं। उनके नाम 9714 फर्स्ट क्लास रन दर्ज हैं।आईपीएल में वह तीन फ्रेंचाइजियों के लिए खेले। इनमें दिल्ली डेयरडेविल्स, पुणे वॉरियर्स और चेन्नई सुपर किंग्स शामिल हैं। हाल फिलहाल में वह जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन के प्रशासक रहे।