पचमढ़ी के प्रशिक्षण वर्ग में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की क्लास, नेताओं से कहा-पावर में आने पर घमंड न करें, सत्ता स्थाई नहीं होती.
पचमढ़ी। पचमढ़ी में आयोजित मध्यप्रदेश भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग के समापन में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल हुए। उन्होंने नेताओं को सार्वजनिक जीवन के गुर सिखाते हुए कहा कि पावर में आने पर कभी घमंड न करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता स्थाई नहीं होती है, आज सत्ता हमारे पास है, कल किसी और के पास हो सकती है।
रक्षा मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए इसे संयमित व सीमित कार्रवाई बताया। उन्होंने रामचरित मानस की चौपाई का भी जिक्र करते हुए कहा कि जिन्ह मोहि मारा, ते मैं मारे यानी हमने उन्हीं आतंकियों को निशाना बना, जिन्होंने पहलगाम में भारत के निर्दोष नागरिकों की हत्या की थी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जोर देते हुए कहा कि ईमानदारी से काम करना चाहिए और राष्ट्र का विकास तभी संभव है जब तुष्टिकरण की राजनीति से बचा जाए। राजनाथ सिंह ने कहा की हम रहे या न रहें देश हमारा हमेशा रहना चाहिए जिससे देशभक्ति और समर्पण की भावना झलकती है।
प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए 201 नेता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि 14 से 16 तक तीन दिन यह वर्ग चला। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस वर्ग का उद्घाटन किया था। इस प्रशिक्षण वर्ग में बीजेपी के सभी सांसद और विधायक समेत कुल 201 कार्यकर्ता शामिल हुए। हालांकि, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया और 15 विधायक शामिल नहीं हो पाए। उन्होंने बताया कि पहली बार और दूसरी बार के विधायकों से अलग-अलग ग्रुप बनाकर चर्चा की गई। इसके अलावा, 3 बार से 9 बार तक के विधायकों से अलग ग्रुप बनाकर चर्चा की गई।