दिल्ली की महिलाओं को अब हर महीने मिलेंगे एक हजार रुपए, कैबिनेट ने दी महिला सम्मान योजना को मंजूरी.
नई दिल्ली। भाजपा मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दे रही है। आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने भी दिल्ली की महिलाओं से ऐसा ही वादा किया था। आज दिल्ली कैबिनेट ने महिला सम्मान योजना को मंजूरी दे दी है। इसके तहत हर महीने महिलाओं को एक हजार रुपए दिए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले वित्त विभाग ने इस योजना पर आपत्ति जताई थी। आज सुबह हुई दिल्ली सरकार की कैबिनेट की बैठक में इस योजना को मंजूरी दी गई है। अरविंद केजरीवाल ने इसे सातवीं रेवड़ी बताया था। आतिशी ने विधानसभा में बजट पेश करते हुए मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना की घोषणा की थी। इस योजना के तहत 18 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को एक हजार रुपए प्रति माह देना का वादा किया गया था। साथ ही 2024-25 में महिलाओं के कल्याण और सशक्तीकरण की योजना के लिए 2,000 करोड़ रुपये के आवंटन की घोषणा भी हुई थी। इस योजना का लाभ केवल उन्हीं महिलाओं को मिलेगा जिनके पास दिल्ली का वोटर आईडी कार्ड होगा। इसके अलावा अगर कोई महिला इनकम टैक्स देती होगी या पहले से ही दिल्ली सरकार से किसी योजना के तहत किसी पेंशन योजना की लाभार्थी होगी या सरकारी कर्मचारी होगी तो वह इस योजना के लिए पात्र नहीं होगी।