भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बोले पीयूष गोयल: बातचीत नेगोसिएशन रूम में होती है, न कि मीडिया में.
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बोले पीयूष गोयल: बातचीत नेगोसिएशन रूम में होती है, न कि मीडिया में
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भारत और अमेरिका के बीच चल रही ट्रेड डील को लेकर बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बातचीत जारी है और उनकी टीम के लौटने के बाद पूरी प्रगति की जानकारी मिल पाएगी।

शनिवार को पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा मैंने पहले भी कहा है कि हम मीडिया के जरिए बातचीत नहीं करते, हम नेगोसिएशन रूम में बात करते हैं। बातचीत चल रही है, और एक बार टीम वापस आएगी तो हमें प्रतिक्रिया और प्रगति का फीडबैक मिलेगा।
इस बयान के साथ यह संकेत मिला कि भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता में कुछ अहम मुद्दों पर अब भी चर्चा चल रही है।
गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर टैरिफ लगाने की आख़िरी तारीख को 9 जुलाई से बढ़ाकर 1 अगस्त कर दिया गया है, जिससे दोनों देशों को आपसी समझ बनाने के लिए और समय मिल गया है।
भारत और अमेरिका के बीच फिलहाल एक अंतरिम ट्रेड डील को लेकर बातचीत हो रही है, जिसकी जल्द घोषणा की उम्मीद जताई जा रही है।
हालांकि, अमेरिका की ओर से भारतीय कृषि और डेयरी बाजार तक पहुंच की मांग की जा रही है, जबकि भारत ने साफ संकेत दिए हैं कि वह अपने किसानों और डेयरी उद्योग की सुरक्षा को प्राथमिकता देगा, और इस क्षेत्र में किसी बड़े समझौते की संभावना कम है।