दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज के घर ईडी का छापा, सरकारी अस्पतालों के निर्माण में हुए घोटाले से जुड़ा है मामला.
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री व आप नेता सौरभ भारद्वाज के 13 ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की है। आप नेता के घर पर भी जांच चल रही है। यह ह कार्रवाई 5,590 करोड़ रुपए के अस्पताल प्रोजेक्ट में कथित अनियमितताओं को लेकर की गई है। इस मामले की जांच एंटी करप्शन ब्रांच (एसीबी) भी कर रही है।
उल्लेखनीय है कि 22 अगस्त 2024 को तत्कालीन नेता विपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने एसीबी को लिखित शिकायत दी थी। इसमें कहा गया था कि निर्माण की लागत बढ़ाकर सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है। शिकायत में सौरभ भारद्वाज और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन का नाम लिया गया था। शिकायत के अनुसार वर्ष 2018-19 में कुल 5,590 करोड़ रुपये की लागत से 24 अस्पतालों के निर्माण (11 नए और 13 पुराने अस्पतालों का विस्तार) की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई थी। ये परियोजनाएं तय समय तक पूरी नहीं हो पाईं और उनकी लागत भी कई गुना बढ़ गई। गुप्ता ने शिकायत में कहा था कि सितंबर 2021 में 6 महीने में बनने वाले 7 आईसीयू अस्पताल (6,800 बेड) 1,125 करोड़ की लागत से मंजूर हुए थे, लेकिन उसमें जून 2025 तक केवल 50 फीसदी काम ही पूरा हुआ और खर्च 800 करोड़ तक पहुंच गया। शिकायत में कहा गया था कि एलएनजीपी अस्पताल की नई बिल्डिंग की लागत भी 465 करोड़ से बढ़कर 1,125 करोड़ हो गई है। 94 पॉलिक्लिनिक की योजना 168 करोड़ में बनी थी, लेकिन 220 करोड़ रुपये खर्च करने के बाद भी सिर्फ 52 पॉलिक्लिनिक ही बन पाए।