घने कोहरे का कहर: दिल्ली समेत कई एयरपोर्ट पर हवाई यातायात प्रभावित,नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने जारी किए निर्देश .
घने कोहरे का कहर: दिल्ली समेत कई एयरपोर्ट पर हवाई यातायात प्रभावित, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने जारी किए निर्देश
देश के कई हिस्सों में छाए घने कोहरे ने हवाई यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया है। राजधानी दिल्ली समेत कई बड़े एयरपोर्ट पर उड़ानें रद्द करनी पड़ीं और सैकड़ों फ्लाइट्स देरी का शिकार रहीं। हालात को देखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयरलाइंस को यात्रियों की सुविधा से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

मंत्रालय ने साफ किया है कि कोहरे और कम दृश्यता के कारण यात्रियों को होने वाली परेशानी में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इसके लिए एक कार्यालय ज्ञापन जारी कर एयरलाइंस को निर्देश दिया गया है कि यात्रियों को उड़ानों की सही और समय पर जानकारी दी जाए। लंबी देरी की स्थिति में भोजन और जलपान की व्यवस्था की जाए और उड़ान रद्द होने पर यात्रियों को पूरा रिफंड या दोबारा बुकिंग का विकल्प मिले। साथ ही, समय पर चेक-इन करने वाले यात्रियों को बोर्डिंग से रोका न जाए।
मंत्रालय ने एयरलाइंस को निर्देश दिया है कि कोहरे से प्रभावित समय में एयरपोर्ट पर पर्याप्त स्टाफ तैनात किया जाए, खासकर हेल्पडेस्क पर अतिरिक्त कर्मचारियों की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। यदि किसी उड़ान को वैकल्पिक एयरपोर्ट पर उतारना पड़े तो वहां यात्रियों के लिए खाने-पीने और आगे की यात्रा की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा कनेक्टिंग फ्लाइट्स, बैगेज और बिना अभिभावक के यात्रा कर रहे बच्चों की विशेष देखभाल के भी निर्देश दिए गए हैं।