आबकारी घोटाले में क्लीन चिट मिलने के बाद जंतर-मंतर पर गरजे अरविन्द केजरीवाल- जज साहब ने मोदी जी और भाजपा के झूठ पर तमाचा मारा.
नई दिल्ली। आबकारी घोटाले में कोर्ट से क्लीन चिट मिलने के बाद रविवार को आम आदमी पार्टी ने जंतर-मंतर पर सभा की। सभा को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश में इस समय डर का माहौल है और उसके बावजूद जज साहब ने देश के हक़ में धाकड़ फैसला सुनाया, उसके लिए मैं जज साहब का शुक्रिया अदा करता हूं। जज साहब ने मोदी जी और भाजपा के झूठ पर तमाचा मारते हुए कहा है कि अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी बेईमान नहीं बल्कि कट्टर ईमानदार हैं।
केजरीवाल ने कहा कि देश की जनता कांग्रेस से परेशान हो गई थी और लोगों ने बड़ी उम्मीदों से मोदी जी की सरकार बनाई थी, लेकिन कुछ नहीं सुधरा बल्कि और भी ज्यादा बर्बाद कर दिया है। पूरे देश में पेपर लीक हो रहे हैं और ये परीक्षा पर चर्चा की नौटंकी कर रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि आईआईटी में मेरे बहुत अच्छे नंबर आए थे। मैं पढ़ाई में अच्छा था। अगर मैं चाहता तो अमेरिका जाकर पढ़ सकता था। मेरे कई दोस्त अमेरिका गए, लेकिन उस समय मेरे मन में एक ख्याल आया: हमारे देश की हालत बहुत खराब है। अगर हम सब पढ़े-लिखे लोग, आईआईटी और बड़े इंस्टीट्यूशन में पढ़कर अमेरिका चले गए, तो हमारे देश का ख्याल कौन रखेगा? हमारे देश को कौन ठीक करेगा? मैं अमेरिका नहीं गया। मैं इंडिया में ही रहा, मुझे नहीं पता कि प्राइम मिनिस्टर मोदी मुझसे क्यों नफरत करते हैं। प्राइम मिनिस्टर मोदी ने मेरे खिलाफ अनगिनत इंक्वायरी करवाईं। 10 साल में एक पैसा भी करप्शन का नहीं मिला। अगर दिल्ली सरकार का कोई कॉन्ट्रैक्टर, कोई वेंडर खड़ा होकर कहे कि केजरीवाल ने पैसे मांगे, तो मैं पॉलिटिक्स छोड़ दूंगा।