आज शेयर बाजार में लौट सकती है रौनक, शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 500 अंक चढ़ा, निफ्टी में ही 174 अंक की बढ़त.
मुंबई। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार की रौनक वापस लौटती दिख रही है। सुबह 9:45 बजे बीएसई सेंसेक्स में 508.14 अंकों (0.63%) की बढ़त दिखाई दे रही थी और यह 81,460.13 के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह एनएसई निफ्टी भी 174.65 अंकों (0.71%) की तेजी के साथ 24,784.35 के पार कारोबार करता नजर आया।
आज शुरुआती कारोबार में आईटीसी के शेयरों में करीब 2 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली। इसके साथ ही आईटी सेक्टर और रियल एस्टेट शेयरों ने भी बाजार को सपोर्ट दिया। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी एफएमसीजी इंडेक्स में सबसे ज्यादा 1 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। इसके बाद निफ्टी आईटी इंडेक्स में 0.9 प्रतिशत और रियल्टी इंडेक्स में 0.7 प्रतिशत की तेजी देखी गई। निफ्टी मेटल और पीएसयू बैंक इंडेक्स भी हरे निशान में रहे और दोनों में 0.5 प्रतिशत की बढ़त दर्ज हुई। फार्मा इंडेक्स में 0.9 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। इसी तरह कंज़्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स में 0.1 प्रतिशत की हल्की गिरावट देखने को मिल रही है।
उल्लेखनीय हैकि गुरुवार को बीएसई सेंसेक्स 644.64 अंकों (0.79%) की बड़ी गिरावट के साथ 80,951.99 अंकों पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई का निफ्टी 50 भी 203.75 अंकों (0.82%) के नुकसान के साथ 24,609.70 अंकों पर बंद हुआ। गुरुवार को सेंसेक्स की 30 में से सिर्फ 4 कंपनियों के शेयर ही बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए और 25 कंपनियों के शेयर नुकसान के साथ लाल निशान में रहे। इसी तरह आज निफ्टी 50 की 50 में से सिर्फ 11 कंपनियों के शेयर तेजी के साथ हरे निशान में बंद हुए और बाकी की सभी 39 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।