सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर बाजार में हाहाकार, निवेशकों के 10 लाख करोड़ रुपए डूबे.
मुंबई। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार 13 मार्च को शेयर बाजार में हाहाकार मचा रहा। बीएसई सेंसेक्स 1470.50 अंक गिरकर 74,563.92 पर एनएसई निफ्टी 488.05 अंक गिरकर 23,151.10 पर बंद हुआ। इससे एक ही दिन में निवेशकों के 10 लाख करोड़ रुपए डूबने का अनुमान है।
आज शुक्रवार 13 मार्च को भी शेयर बाजार लाल निशान में ही खुला। ईरान युद्ध की आहट और कच्चे तेल की आसमान छूती कीमतों ने निवेशकों की नींद उड़ा दी है। बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी तेजी से नीचे गिरे हैं, जिससे हर तरफ बस बिकवाली का ही माहौल रहा। शुक्रवार को सेंसेक्स की 30 में से सिर्फ 2 कंपनियों के शेयर हरे निशान में बंद हुए और बाकी की सभी 28 कंपनियों के शेयर लाल निशान में बंद हुए। इधर, निफ्टी की भी 50 में से सिर्फ 3 कंपनियों के शेयर तेजी के साथ हरे निशान में बंद हुए और बाकी की सभी 47 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। सेंसेक्स की कंपनियों में शामिल हिंदुस्तान यूनिलीवर का शेयर आज सबसे ज्यादा 1.15 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ, जबकि एलएंडटी का शेयर आज सबसे ज्यादा 7.38 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।
शुरुआती कारोबार में बाजार में गिरावट का नेतृत्व आईटी और मेटल शेयर कर रहे थे। सभी सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी आईटी और निफ्टी मेटल टॉप लूजर थे। ऑटो, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, पीएसयू बैंक, रियल्टी, सर्विसेज, डिफेंस और इन्फ्रा जैसे इंडेक्स भी लाल निशान में थे। केवल एनर्जी इंडेक्स ही हरे निशान में था। आज सेंसेक्स के 30 में से ज्यादातर शेयर लाल निशान पर बंद हुए। सबसे ज्यादा गिरावट लार्सन एंड टूब्रो, टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट, एसबीआईएन और महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसे शेयरों में देखने को मिली है। दूसरी तरफ हिंदुस्तान यूनिलीवर और भारती एयरटेल के शेयर हरे निशान पर बंद होने में कामयाब रहे। आज एनएसई पर मिड और स्मॉलकैप शेयरों में भी भारी बिकवाली देखने को मिली। इसके चलते निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 2.5 फीसदी तक लुढ़क गया। वहीं निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में भी करीब 2.5 फीसदी की कमजोरी दर्ज की गई। सेंसेक्स में पावर ग्रिड, आईटीसी, एचयूएल, एनटीपीसी और सन फार्मा के शेयर फायदे में रहे। इसके विपरित टाटा स्टील, एलएंडटी, इंडिगो, अल्ट्राटेक सीमेंट, इटरनल, बीईएल, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, मारुति सुजुकी, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, एमएंडएम, एचसीएल, इन्फोसिस और टाइटन के शेयरों में गिरावट रही।