सोमवार की तेजी के बाद आज मंगलवार को धीमा पड़ा शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में गिरावट.


मुंबई। सोमवार को शेयर बाजार में आई जोरदार तेजी मंगलवार को बरकरार नहीं रही। आज 13 मई को शेयर बाजार में गिरावट नजर आ रही है। सेंसेक्स करीब 900 अंक गिरकर 81,500 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह निफ्टी में भी करीब 250 अंक की गिरावट है, ये 24,700 के स्तर पर है।
मंगलवार को सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 25 में गिरावट है। इंफोसिस और जोमैटो सहित कुल 5 शेयरों में 1% से ज्यादा की गिरावट है। सनफार्मा और इंडसइंड बैंक के शेयर करीब 2% ऊपर हैं। इसी तरह निफ्टी के 50 शेयरों में से 37 में गिरावट है। NSE के IT सेक्टर में 1.07% की गिरावट है। फार्मा और हेल्थकेयर सेक्टर में करीब 2% की तेजी है।
उल्लेखनीय है कि शेयर बाजार ने सोमवार को पिछले 4 सालों की सबसे बड़ी छलांग लगाई थी। सेंसेक्स करीब 2,975 अंक (3.74%) चढ़कर 82,429.90 के स्तर पर बंद हुआ, जो 3 अक्टूबर 2024 के बाद का सबसे ऊंचा लेवल था। इसी तरह निफ्टी में 916.70 अंक (3.82%) की बढ़त आई और वह 24,924.70 पर बंद हुआ, जो 16 अक्टूबर 2024 के बाद का सबसे हाई लेवल रहा। इस तेजी से बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप भी जबरदस्त तरीके से बढ़ा। पिछले सेशन यानी 9 मई को यह मार्केट कैप 416.52 लाख करोड़ रुपए था, जो सोमवार को बढ़कर 432.47 लाख करोड़ रुपए हो गया। इस तरह सिर्फ एक दिन में निवेशकों की संपत्ति में 16 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की वृद्धि दर्ज की गई।