जान से मारने की धमकियों को लेकर बोले बॉलीवुड स्टार सलमान खान-जितनी उम्र लिखी है, उतनी लिखी है.
मुंबई। बॉलीवुड स्टार सलमान खान इन दिनों अपनी फिल्म सिकंदर के प्रमोशन में जुटे हैं। जब उन्हें मिल रही जान से मारने की धमकियों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने आकाश की ओर इशारा करते हुए कहा-भगवान, अल्लाह सब ऊपर है। जितनी उम्र लिखी है, उतनी लिखी है। बस यहीं है। कभी-कभी इतने लोगों को साथ में लेकर चलना पड़ता है, बस वही समस्या हो जाती है।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ महीनों में सलमान को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह से कई धमकियां मिली हैं। अक्टूबर 2024 में सलमान खान के करीबी दोस्त और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी को बिश्नोई गिरोह द्वारा निशाना बनाया गया था। वहीं जान पर मंडराते खतरे के बावजूद सलमान ने इसका असर अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट पर नहीं पड़ने दिया है। पिछले तीन सालों में सलमान खान और उनके परिवार व दोस्तों पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का खतरा मंडराता नजर आ रहा है? पहले सलीम खान को मॉर्निंग वॉक के दौरान धमकी भरा लेटर मिला था। फिर सलमान के घर और फार्म हाउस की रेकी और सलमान के घर पर फायरिंग हुई थी।
सलमान खान की सिकंदर रिलीज होने वाली है। इस फिल्म को ए आर मुरुगादॉस ने निर्देशित किया है और साजिद नाडियाडवाला ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में सलमान खान के साथ स्क्रीन पर रश्मिका मंदाना रोमांस करती नजर आएंगीं। सलमान की सिकंदर ईद के मौके पर 30 मार्च को सिनमाघरों में रिलीज हो रही है। हाल ही में फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान सलमान ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि फिल्म 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर जाएगी। उन्होंने कहा कि पिक्चर अच्छी हो या बुरी हो, ईद, दिवाली पर ऐसे सब टाइम पे आती है तो वो 100 करोड़ रुपए तो पार करा ही देते हैं। 100 करोड़ रुपये बहुत पहले की बात है, अब 200 करोड़ रुपए।