अपनी पार्टी के प्रत्याशियों की नाम वापसी को लेकर भाजपा पर भड़के प्रशांत किशोर, अमित शाह और धर्मेन्द्र प्रधान पर दबाव बनाने का लगाया आरोप.
पटना। प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी के एक उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापस ले लिया था। इसके बाद प्रशांत किशोर ने प्रेस कान्फ्रेंस बुलाकर भाजपा पर जमकर निशाना साधा। प्रशांत किशोर ने जन सुराज पार्टी के एक प्रत्याशी को बरगलाने, धमकाने, समझाने और दबाव देकर नामांकन वापस कराने का आरोप लगाया है। इस मुलाकात की तस्वीरें भी पीके ने जारी की है।
प्रशांत किशोर ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत भाजपा नेताओं पर पार्टी के प्रत्याशियों को धमका कर और दबाव डालकर नामांकन वापस कराने का बड़ा आरोप लगाया है। प्रशांत किशोर ने दानापुर, गोपालगंज और ब्रह्मपुर से जन सुराज प्रत्याशियों के नामांकन वापसी कराने को भाजपा का डर बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की छवि बनी है कि कोई भी जीते, सरकार यही बनायेंगे। जन सुराज को अभी तक वोटकटवा पार्टी बोलने वाले भाजपा को अब सबसे ज़्यादा डर जन सुराज से ही लग रहा है।
प्रशानंत किशोर ने कहा कि पहला केस दानापुर का है। यहां महागठबंधन से बाहुबली अपराधी नेता जेल से चुनाव लड़ते हैं। जनता ने इन बाहुबलियों से डर कर तय किया कि इस बार वहीं के व्यवसायी अखिलेश उर्फ़ मुकुल शाह को जन सुराज से टिकट दिलाया जाए। उन्होंने मनोज भारती जी के हाथ से सिंबल लिया लेकिन नामांकन करने नहीं पहुंचे। भाजपा वाले बताते रहे कि राजद के गुंडों ने उन्हें बंधक बना लिया है, लेकिन ये भारत सरकार के गृह मंत्री अमित शाह और बिहार के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान के साथ थे। यह भाजपा का चाल चरित्र और चेहरा है। एक साधारण व्यवसायी को देश का गृह मंत्री बुलाकर अपने पास बैठा ले रहा है। वह क्या कर सकेगा? चुनाव आयोग नहीं देख रहा है कि एक प्रत्याशी को गृह मंत्री समेत भाजपा के नेता घेरे हुए हैं। हम चुनाव आयोग से इसकी शिकायत करेंगे।
प्रशांत किशोर ने बिहार चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान के साथ बक्सर के ब्रह्मपुर उम्मीदवार डॉ सत्य प्रकाश तिवारी की तस्वीर जारी की। कहा कि ब्रह्मपुर में लोजपा के बड़े बाहुबली हुलास पांडेय चुनाव लड़ते हैं। वहां से जन सुराज के प्रत्याशी सत्य प्रकाश तिवारी बड़े डॉक्टर हैं। पटना में बड़ा अस्पताल चलाते हैं। प्रत्याशी बनने के बाद तीन दिन तक इन्होंने प्रचार किया। अचानक इन्होंने अपनी उम्मीदवारी वापस ली है। इनकी तस्वीर इनके घर पर धर्मेंद्र प्रधान के साथ है। यह पहले नहीं देखा होगा कि चुनाव घोषित होने के बाद एक प्रत्याशी से केंद्र के मंत्री मिल रहे हैं। इनपर दबाव देकर नामांकन वापस कराया गया है। जन सुराज के एक सभ्य कार्यकर्ता, डॉक्टर को डरा कर नामांकन वापस कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी तरह गोपालगंज के बहुत बड़े डॉक्टर और हमारे उम्मीदवार डॉ शशि शेखर सिन्हा का भी मामला है। वह गोपालगंज के बड़े नेता रघुनाथ पांडेय के दामाद हैं। हमारे साथ लगातार रहे हैं। चुनाव प्रचार कर रहे थे। फिर इनके पास स्थानीय भाजपा नेता पहुंचे और इनपर दबाव बनाकर नामांकन वापस लेने को कहा। उन्होंने मुझसे कॉल कर कहा कि मुझपर दबाव बना रहे हैं लेकिन मैं आपके साथ हूं। फिर दो घंटे बाद उन्होंने नामांकन वापस लेकर फ़ोन बंद कर लिया।