बिहार के हिजाब विवाद में अब गीतकार जावेद अख्तर भी उतरे, कहा-बिना शर्त माफी मांगें नीतीश कुमार .
मुंबई। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों हिजाब विवाद में चारों ओर से घिरे हुए हैं। राजनीतिक दल जहां जमकर उनकी आलोचना कर रहे हैं, वहीं पाकिस्तान तक से धमकी आ रही है। कई सेलिब्रेटी भी उनके विरोध में उतर आए हैं। जायरा वसीम, राखी सावंत और सना खान के बाद जावेद अख्तर ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते नीतीश कुमार को माफी मांगने के लिए कहा है।
जावेद अख्तर ने सोशल मीडिया के पोस्ट में लिखा कि जो लोग मुझे थोड़ा-बहुत भी जानते हैं, वे जानते हैं कि मैं पर्दे के पारंपरिक कॉन्सेप्ट के कितना खिलाफ हूं। इसका मतलब यह नहीं है कि मैं किसी भी तरह से यह मान लूं कि नीतीश कुमार ने एक मुस्लिम महिला डॉक्टर के साथ जो किया है, वह सही है। मैं इसकी कड़ी शब्दों में निंदा करता हूँ। श्री नीतीश कुमार को उस महिला से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। जावेद अख्तर से पहले कई सेलिब्रेटी अपना गुस्सा जाहिर कर चुके हैं। जायरा वसीम ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि किसी महिला की गरिमा और शालीनता कोई चीज नहीं है जिससे खेला जाए, खासकर सार्वजनिक मंच पर। एक मुस्लिम महिला होने के नाते किसी दूसरी महिला का नकाब इतनी आसानी से खींचते देखना और वो भी मुस्कुराते हुए बहुत गुस्सा दिलाने वाला था। सत्ता किसी की सीमाएं तोड़ने की इजाजत नहीं देती. नीतीश कुमार को उस महिला से माफी मांगनी चाहिए।
नीतीश कुमार ने मंच पर खींचा था हिजाब
उल्लेखनीय है कि हाल ही में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें वे एक मुस्लिम महिला डॉक्टर को नियुक्ति पत्र देते हुए उसके चेहरे से हिजाब खींच रहे हैं। वीडियो सामने आते ही इसपर राजद ने कड़ी आपत्ति ली थी। इसके बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के अलावा सेलिब्रेटी तक नीतीश कुमार की आलोचना कर रहे हैं। पाकिस्तान से एक डॉन ने नीतीश कुमार को धमकी भी दी है। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि नीतीश कुमार की उम्र अधिक हो चुकी है और उनकी मानसिक स्थिति पहले जैसी नहीं रही।