बिहार में अमित शाह का ऐलान-एनडीए की सरकार बनी तो अगली बार एक ही चरण में होंगे चुनाव.
पटना। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को बिहार के दौरे पर थे। उन्होंने एक जनसभा में कहा कि लालू-राबड़ी के शासनकाल में चुनाव छह-छह चरणों में होता था, लेकिन बिहार में एनडीए की सरकार बनने के बाद पहली बार दो चरण में मतदान कराए जा रहे हैं। इस बार यदि एनडीए की सरकार बनी तो अगला चुनाव एक चरण में होगा।
लालू-सोनिया पर साधा निशाना
शाह ने कहा कि लालू प्रसाद यादव अपने बेटे तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने में लगे हैं, वहीं सोनिया गांधी अपने बेटे राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने की कोशिश में हैं। ऐसे लोग देश और बिहार का विकास क्या करेंगे? अमित शाह ने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार को जंगलराज से मुक्त कर विकास की राह पर अग्रसर किया है। उन्होंने लालू-राबड़ी शासनकाल की याद दिलाते हुए कहा कि “उस समय अपहरण उद्योग और अपराधियों का बोलबाला था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में आज बिहार विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सीतामढ़ी में राम मंदिर की तर्ज पर सीता मंदिर
शाह ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के निर्णय को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव हो पाया है। शाह ने आगे कहा कि जिस तरह अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन रहा है, उसी प्रकार बिहार के सीतामढ़ी के पुनौरा धाम में मां जानकी का सीता मंदिर भी निर्मित होगा। अमित शाह ने मुंगेर जिले के प्रसिद्ध सीताकुंड तीर्थस्थान को भी रामायण सर्किट से जोड़ने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र का आर्थिक विकास होगा।
पूरा बिहार नक्सलवाद से मुक्त
शाह ने कहा कि एनडीए की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पूरा बिहार नक्सलवाद से मुक्त हो गया। लालू-राबड़ी के शासनकाल में बिहार में अपहरण, हत्या व भ्रष्टाचार चरम पर था। आज के युवाओं को यह बताने की जरूरत है कि बीते सरकार में बिहार की क्या स्थिति थी, अब बिहार नरेन्द्र मोदी व नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकसित राज्यों की श्रेणी में आ गया है। आज एनडीए की सरकार बनने के बाद पिछले 20 वर्ष में बिहार में एक भी नरसंहार नहीं हुआ।