बिहार के मुजफ्फरपुर में अमित शाह ने विपक्ष पर साधा निशाना, कहा-राजद की सरकार में किडनैपिंग, रंगदारी और मर्डर विभाग भी बनेगा.
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए रविवार का दिन बहुत खास रहा। पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आज प्रचार का मोर्चा संभाला था। इस दौरान अमित शाह ने मुजफ्फरपुर में राजद पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर लालू का बेटा बिहार का मुख्यमंत्री बनता है, तो तीन नए डिपार्टमेंट बनाए जाएंगे - एक किडनैपिंग के लिए, एक जबरन वसूली के लिए, और एक मर्डर के लिए।
अमित शाह ने कहा कि अगर नीतीश-मोदी गठबंधन सत्ता में आता है, तो बाढ़-मुक्त बिहार के लिए एक नया मंत्रालय बनाया जाएगा। हमारी सरकार बिहार को सुरक्षित, विकसित और दशकों से चली आ रही समस्याओं से मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मोदी और नीतीश की जोड़ी ने जिस जंगलराज को खत्म किया, वह चेहरा और वेश बदलकर सत्ता में आने की फिराक में है।
एनडीए ने सबके लिए काम किया
अमित शाह ने कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार ने सबके लिए काम किया। मोदी ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया, तो नीतीश ने 50 प्रतिशत आरक्षण देकर नगरपालिका और पंचायत में प्रतिनिधित्व दिलाई। दोनों ने घर घर बिजली पहुंचाई। महिलाओं को धुओं से आजादी मिली। हर घर शौचालय बना। एक करोड़ से अधिक महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपये गए। उन्होंने कहा, राजद के लोग महिलाओं के खाते से 10 हजार रुपये वापस लेने के लिए आयोग के पास गए थे, उन्हें बता दूं कि मोदी और नीतीश के रहते कोई उनके खाते से पैसा वापस नहीं ले सकता।
लालू और सोनिया को अपने बेटों की चिन्ता
गृह मंत्री ने कहा कि लालू और सोनिया जी अपने अपने बेटों की चिंता है। लालू बेटे को बिहार का मुख्यमंत्री, तो सोनिया बेटे को देश का प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं। दोनों को बता दीजिए जगह खाली नहीं है। मोदी जी प्रधानमंत्री और नीतीश मुख्यमंत्री हैं। लालू यादव पर हमला करते हुए भीड़ से पूछा उन्होंने बिहार को क्या दिया है? भीड़ ने जब कहा, कुछ नहीं तो अमित ने ऐसा अन्याय नहीं करो। लालू ने बिहार को बहुत दिया है। चारा घोटाला दिया है। लैंड फार जाब स्कैम दिया है, अलकतरा घोटाला दिया है, बाढ़ घोटाला दिया है, भर्ती घोटाला दिया है। इतना सारा घोटाला दिया है। दूसरी ओर मोदी और नीतीश पर चार आने के घोटाला का आरोप नहीं है।