जयपुर में हाईटेंशन लाइन से टकरा गई मजदूरों से भरी बस, आग लगने से दो की मौत, 10 झुलसे.
जयपुर। जयपुर में मजदूरों को लेकर जा रही एक बस हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट में आ गई। इसमें 10 से ज्यादा मजदूर झुलस गए और दो की मौत हो गई। यह घटना जयपुर ग्रामीण के मनोहरपुर इलाके की बताई जा रही है। घायल श्रमिकों को गंभीर हालत में शाहपुरा उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर हालत में 5 यात्रियों को जयपुर रेफर किया गया है।
![]()
बताया जाता है कि मजदूरों से भरी बस यूपी से मनोहरपुर के टोडी स्थित ईंट भट्टे पर आई थी। रास्ते में बस ऊपरी इलाके से गुजर रही थी और तभी 11 हजार वोल्ट की लाइन के संपर्क में आ गई। इससे बस में करंट फैल गया और स्पार्किंग से आग लग गई। सूचना पर मनोहरपुर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को शाहपुरा उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। वहीं घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में हाईटेंशन लाइन के अत्यधिक नजदीक से बस के गुजरने को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने ईंट भट्टा संचालक और बस चालक की भूमिका की भी जांच के आदेश दिए हैं।