केंद्रीय मत्री किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर फिर हमला, भारत विरोधी ताकतों से जुड़ने का लगाया आरोप.
नई दिल्ली। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर लगातार हमलावर हैं। अब एक न्यूज एजेंसी को दिए इंटरव्यू में किरेने रिजिजू ने राहुल गांधी पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने राहुल गांधी को भारत की सुरक्षा के लिए सबसे खतरनाक व्यक्ति कहते हुए उन पर भारत विरोधी ताकतों से जुड़ने का आरोप लगाया।
किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी भारत विरोधी ताकतों के साथ जुड़े हुए हैं। वे विदेश और देश में नक्सलियों, चरमपंथियों, विचारकों और जॉर्ज सोरोस जैसे लोगों से मिलते हैं। विपक्ष का एक नेता पूरे विपक्ष को रिप्रेजेंट करता है, लेकिन सदन के बाहर जाकर लोगों को गद्दार कहना, नाटकीय धरना देना और एक अनपब्लिश्ड किताब से पढ़ने पर जोर देना, यह सब बच्चों जैसा व्यवहार है। रिजिजू ने कहा कि हमने भारत के इतिहास में ऐसा लोकसभा नेता विपक्ष कभी नहीं देखा। उनका मिलना-जुलना हमेशा ऐसे लोगों से होता है जो देश विरोध में काम करते हैं।
किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी के उस आरोप का भी जवाब दिया जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम एपस्टीन फाइल्स से जोड़ा था। रिजिजू ने कहा कि पहले सोचिए कि राहुल गांधी के फॉलोअर्स इसे गंभीरता से क्यों नहीं लेते? क्योंकि वे बिना किसी सबूत के बोलते हैं। अगर प्रधानमंत्री किसी से मिले हैं या कोई डॉक्यूमेंट है, तो पेश करें। वे बिना आधार के प्रधानमंत्री का नाम जबरदस्ती ले रहे हैं। रिजिजू ने संसद में चल रहे हंगामे पर कहा कि हंगामे के साथ-साथ असल काम भी देखना चाहिए। जब हम अपोजिशन में थे, तो हमने स्पीकर पर पेपर नहीं फेंके, रूलिंग साइड में बैनर नहीं ले गए। इसी वजह से मैं परेशान हूं कि आज का विपक्ष इतना असंयमित हो गया है।