सिख विरोधी दंगों पर राहुल गांधी का बड़ा बयान, कहा-1980 के दशक में जो हुआ वह गलत था.
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वे अमेरिका के ब्राउन यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान लोगों से बातचीत कर रहे हैं। बातचीत के दौरान एक सिख छात्र के सवाल का जवाब देते हुए राहुल गांधी ने कहा- वे कांग्रेस पार्टी के इतिहास में हुई हर गलती की जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार हैं। मैंने सार्वजनिक रूप से कहा है कि 80 के दशक में जो हुआ वह गलत था।
छात्र ने राहुल गांधी से कहा कि आपने कहा कि राजनीति निडर होनी चाहिए, डरने की कोई बात नहीं होनी चाहिए। लेकिन हम सिर्फ कड़ा पहनना नहीं चाहते, हम सिर्फ पगड़ी बांधना नहीं चाहते, हमें अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता चाहिए, जिसकी कांग्रेस पार्टी के शासन में अनुमति नहीं थी। उन्होंने कांग्रेस पर सिख आवाजों को अनसुना करने और 1984 के दंगों के आरोपी सज्जन कुमार जैसे लोगों को बचाने का भी आरोप लगाया। इस सवाल का जवाब देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मैं जिम्मेदारी लेता हूं, 1980 के दशक में जो हुआ वह गलत था।
भाजपा ने साधा निशाना
राहुल गांधी के बयान पर भाजपा ने उन पर निशाना साधा है। भाजपाआईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने वीडियो शेयर कर लिखा है कि एक युवा छात्र ने राहुल गांधी से कहा कि आपने सिखों के साथ अच्छा नहीं किया है और उन्हें उनकी पिछली अमेरिकी यात्रा के दौरान फैलाए गए कथित डर और भ्रम की याद दिलाई। अब राहुल गांधी को सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।