हमले से पहले पाकिस्तान को जानकारी देने पर राहुल गांधी ने उठाए सवाल, कहा- यह एक अपराध था.
नई दिल्ली। पाकिस्तान को हमले से पहले जानकारी देने पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सरकार पर सवाल उठाए हैं। राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि हमारे हमले की शुरुआत में पाकिस्तान को सूचित करना एक अपराध था। विदेश मंत्री ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है कि भारत सरकार ने ऐसा किया।
राहुल गांधी ने इस पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि इसे किसने अधिकृत किया? इसके परिणामस्वरूप हमारी वायुसेना ने कितने विमान खो दिए? राहुल गांधी ने कहा कि विदेश मंत्री जयशंकर चुप हैं, और ये चुप्पी बहुत कुछ कह रही है। ये चुप्पी गंभीर सवाल उठा रही है। इसलिए मैं फिर से पूछूंगा कि पाकिस्तान को कैसे पता चला कि हमने कितने विमान खोए? ये सिर्फ एक गलती नहीं थी। ये एक अपराध था। देश को सच जानने का हक है।
राहुल गांधी ने एक निजी न्यूज चैनल का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि हमारे हमले की शुरुआत में पाकिस्तान को सूचित करना एक अपराध था। इससे पहले राहुल गांधी ने एक्स पर विदेश मंत्री एस जयशंकर का एक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में जयशंकर के दिए गए बयान को लेकर राहुल गांधी ने सवाल उठाए थे। राहुल गांधी ने विदेश मंत्री के इस बयान को पोस्ट किया और साथ ही लिखा कि अटैक के पहले पाकिस्तान को बताना अपराध है।
विदेश मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान जारी कर विदेश मंत्री एस. जयशंकर के बयान को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दावों का खंडन किया था। कांग्रेस सांसद ने दावा किया था कि विदेश मंत्री ने स्वीकार किया है कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के बारे में पाकिस्तान को पहले ही सूचित कर दिया था। मंत्रालय ने ऐसे दावों की निंदा करते हुए कहा कि तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है।