ऑपरेशन सिंदूर पर प्रशांत किशोर ने उठाया सवाल, कहा-जब हम पाकिस्तान को हरा रहे थे तो सीजफायर क्यों किया?.
पटना। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने ऑपरेशन सिंदूर पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब हम पाकिस्तान को हरा रहे थे तो फिर उसके साथ सीजफायर क्यों किया। सेना को ऑपरेशन के लिए और समय देना चाहिए था।
प्रशांत किशोर ने कहा कि मैंने विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर का बयान पढ़ा। उन्होंने कहा कि सीजफायर पाकिस्तान की पहल पर किया गया था। मैं सोच रहा हूं कि अगर पाकिस्तान सीजफायर चाहता था तो इसका मतलब है कि सेना सही काम कर रही है। हम पाकिस्तान को हरा रहे थे और अगर पाकिस्तान सीजफायर चाहता था तो हम क्यों राजी हुए? उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन के लिए सेना को दो दिन और देने चाहिए थे। जब पाकिस्तान बैकफुट पर था और आपसे सीजफायर की भीख मांग रहा था तो आपने सीजफायर क्यों किया? प्रशांत किशोर ने कहा कि भारतीय सेना और जनता दोनों ने पहले ही अपना मन बना लिया था। सरकार ने भी सायरन बजाकर मॉक ड्रिल कर लिया था, ऐसे में भारतीय सेना को अपना अभियान जारी रखने और पाकिस्तान को सबक सिखाने की अनुमति दी जानी चाहिए थी।