अमित शाह का सिर काटने वाले बयान पर बुरी तरह घिरीं महुआ मोइत्रा, भाजपा ने पुलिस में दर्ज कराया केस.
कोलकाता। तृममूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा एक फिर विवादों में हैं। इस बार उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा था कि अमित शाह का सिर काटकर टेबल पर रख देना चाहिए। उनके बयान के बाद सियासी बवाल तो मचा ही है, अब भाजपा ने पुलिस में केस भी दर्ज करा दिया है।
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने मंगलवार को कहा था कि वे (अमित शाह) सिर्फ घुसपैठियों की बात कर रहे हैं। भारतीय सीमा की सुरक्षा गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त को लाल किले से कहा था कि घुसपैठ हो रही है जिस वजह से डेमोग्राफी चेंज हो रही है। इस समय आगे की लाइन में बैठकर गृह मंत्री ताली बजा रहे थे और हंस रहे थे। भारतीय सीमाओं की रक्षा करने वाला कोई नहीं है। तृणमूल सांसद ने कहा था कि अगर रोजाना दूसरे देश के लोग लाखों की संख्या में घुसपैठ कर रहे हैं और हमारी मां-बहनों पर नजर डाल रहे हैं, जमीनें छीन रहे हैं तो पहले आपको अमित शाह का सिर काट कर टेबल पर रख देना चाहिए। अगर पीएम मोदी खुद बोल रहे हैं कि बाहर से आकर लोग हमारी मां-बहनों पर नजर डाल रहे हैं और हमारी जमीनें छीन रहे हैं तो फिर ये गलती किसकी है? ये हमारी और आपकी गलती है? यहां तो बीएसएफ है। हम भी उनसे डरकर हैं। भाजपा ने महुआ मोइत्रा के खिलाफ नदिया जिले के कृष्णानगर कोतवाली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि यह शिकायत संदीप मजूमदार की तरफ से की गई है।