ई-सिगरेट मामले में अनुराग ठाकुर ने की टीएमसी सांसद की शिकायत, लोकसभा स्पीकर को लिखा पत्र .
नई दिल्ली। संसद में ई-सिगरेट का मुद्दा गरमा रहा है। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने यह मामला उठाया था। अब उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को औपचारिक रूप से पत्र लिखकर एक गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि टीएमसी के एक सांसद ने संसद के नियमों और वैधानिक कानूनों का उल्लंघन किया है।
अनुराग ठाकुर ने अपने पत्र में इस घटना का विवरण देते हुए कहा कि इस प्रकार के कृत्य संसद की मर्यादा और कानून की अवमानना के समान हैं। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया है कि इस मामले की सख्त जांच की जाए और नियमों के उल्लंघन के लिए उचित कार्रवाई की जाए। बताया जाता है कि संसद परिसर में गुरुवार को टीएमसी के सांसद सौगत रॉय सिगरेट पीते हुए नजर आए, जिसके बाद यह मामला राजनीतिक विवाद में बदल गया।
गुरुवार को लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने टीएमसी सांसद पर गंभीर आरोप लगाए थे। अनुराग ठाकुर ने स्पीकर ओम बिरला से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने की मांग की। इस पर स्पीकर ने उन्हें आश्वस्त किया कि किसी भी तरह के नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सदन के नियमों के मुताबिक समुचित जांच कराई जाएगी।