तेलंगाना के सीएम रेड्डी के बाद अब कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी का भी दावा-जिस दिन राहुल करेंगे नेतृत्व, आजाद होगा पीओके.
नई दिल्ली। तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने कहा था कि अगर राहुल गांधी प्रधानमंत्री होते, तो वो पीओके को वापस ले आते। इस पर अभी विवाद थमा भी नहीं कि कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने ऐसा ही बयान दिया है। उन्होंने राहुल गांधी को लेकर कहा क जिस दिन राहुल गांधी इस देश का नेतृत्व करेंगे, उस दिन पीओके आजाद हो जाएगा और भारत का हिस्सा बन जाएगा। मुझे पूरा विश्वास है।
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि मैं साफ तौर पर पूरे विश्वास के साथ कहना चाहता हूं कि राहुल गांधी ने खासकर कन्याकुमारी से कश्मीर तक अपनी भारत जोड़ो यात्रा के बाद, खुद को एक बहादुर, दृढ़ और साहसी नेता के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने आगे कहा कि उनके पास ताकत, पावर और इच्छाशक्ति है। जिस दिन वो इस देश का नेतृत्व करेंगे, उस दिन पीओके आजाद हो जाएगा और भारत का हिस्सा बन जाएगा। मुझे पूरा विश्वास है कि ऐसा होगा।
रेड्डी ने उठाए थे ऑपरेशन सिंदूर पर सवाल
इससे पहले सीएम रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद के निज़ामपेट में कांग्रेस की जय हिंद यात्रा कार्यक्रम के दौरान ऐसी ही टिप्पणी की थी। रेड्डी ने कहा कि अगर राहुल गांधी होते तो वो हालात को अलग तरह से हैंडल करते। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी प्रधानमंत्री होते, तो वो पीओके को वापस ले आते। मोदी 1,000 रुपये के एक्सपायर नोट की तरह हैं। हमें राहुल गांधी जैसे नेताओं की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में संघर्ष के दौरान सरकार को पूरा समर्थन दिया था। इसी के साथ उन्होंने सरकार से ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सवाल भी पूछे थे। उन्होंने पूछा था, पाकिस्तान ने कितने राफेल जेट नष्ट किए? कोई इस बारे में बात क्यों नहीं कर रहा? सीएम रेड्डी ने कहा था, भारत-पाकिस्तान के बीच युद्धविराम की घोषणा करने से पहले कोई सर्वदलीय बैठक क्यों नहीं बुलाई गई?
भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशान
भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को राष्ट्रीय सुरक्षा की कोई समझ नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि अगर पाकिस्तान ने वाकई कोई राफेल गिराया होता तो सबूत जरूर होते। मलबा सैटेलाइट तस्वीरें या अंतरराष्ट्रीय पुष्टि जरूर हुई होती। कांग्रेस की भाषा पाकिस्तान की प्रचार टीम जैसी लगने लगी है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि जो पाकिस्तान के बब्बर हैं वो हिंदुस्तान के गब्बर बन गए हैं। उन्होंने राहुल गांधी रेवंत रेड्डी और जयराम रमेश से पूछा कि वे यह क्यों नहीं पूछते कि भारत ने कितने पाकिस्तानी एयरबेस तबाह किए। पात्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की जय हिंद यात्रा अब पाकिस्तान हिंद यात्रा बनती जा रही है।