शरद पवार ने अजित पवार के साथ आने की अटकलों से किया इनकार, कहा- वे भाजपा समर्थित गठबंधन का हिस्सा नहीं बनना चाहते.
मुंबई। महाराष्ट्र में काफी समय से शरद पवार और उनके भतीजे उपमुख्यमंत्री अजित पवार के साथ आने की अटकलें चल रही हैं। शरद पवार ने सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा है कि वह अजित पवार के साथ वापस नहीं आएंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि वे कभी भी भाजपा समर्थित गठबंधन का हिस्सा नहीं बनना चाहते।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र की राजनीति में उस समय बड़ा भूचाल आया, जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के बीच फूट पड़ गई थी। भतीजे अजित पवार बगावत करते हुए भाजपा और एकनाथ शिंदे का समर्थन करते हुए महायुति गठबंधन में शामिल हो गए थे। अब एक बार फिर चर्चा होने लगी थी कि शरद पवार अपने भतीजे अजित पवार से हाथ मिला सकते हैं, लेकिन सभी अटकलों को शरद पवार ने खारिज कर दिया है। शरद पवार की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब कुछ ही दिन पहले चाचा-भतीजा मुंबई में एक पारिवारिक कार्यक्रम में एक साथ नजर आए थे।