महाराष्ट्र के पुणे में बड़ा हादसा, दो कंटेनर ट्रकों की टक्कर से लगी आग में 8 लोगों की मौत, बीच में फंसकर चकनाचूर हो गई एक कार.
पुणे। पुणे नवले पुल पर गुरुवार को दो कंटेनर ट्रक टकरा गए। इसके कारण एक ट्रक में आग लग गई और दोनों ट्रकों के बीच एक कार फंस गई। कार भी पूरी तरह से जल गई है। इस दुर्घटना में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है और कुछ लोग घायल भी बताए जा रहे हैं।

बताया जाता है कि घटना पुणे शहर के बाहरी इलाके में मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर हुई, जहां दो बड़े कंटेनर ट्रक के बीच एक कार फंस कर चकनाचूर हो गई। पुलिस ने बताया कि नवले ब्रिज पर शाम को हुई दुर्घटना में कई लोग घायल भी हैं। इसके कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें ट्रक और कार जलते नजर आ रहे हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अंदर बैठे लोग बाहर नहीं निकल सके। देखते ही देखते दोनों ट्रकों में आग लग गई, जिससे कार भी जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। हादसे में घायल लोगों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।