इंदौर के राधास्वामी सत्संग में पहली बार बिगड़ी व्यवस्था, अपात्र लोगों को भी बना दिया वीआईपी, परेशान हुए श्रद्धालु.
इंदौर। इंदौर के खंडवा रोड पर राधास्वामी सत्संग में काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। हर बार की तरह इस बार भी सत्संग के वॉलेंटियर पूरी व्यवस्था संभाल रहे हैं। भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने भी इंतजाम किए हैं। ऐसा पहली बार हुआ, जब सत्संग में आने वाले लोग यहां की व्यवस्था से परेशान हुए।
श्रद्धालुओं ने बताया कि इस बार वीआईपी व्यवस्था पूरी तरह गड़बड़ रही। जो सामान्य श्रद्धालु थे, उन्हें भी वीआईपी बना दिया गया। इतना ही नहीं जो श्रद्धालु पी1 के पात्र थे, उन्हें पी3 का पास अलॉट कर दिया गया। इसी तरह पी2 वालों को पी1 का पास दे दिया गया। पी1 पासधारक पंडाल के पास गाड़ी लगाकर सत्संग सुनने जाते हैं। ऐसे श्रद्धालु जिन्हें वर्षों से पी1 पास मिलते रहे हैं, उन्हें पी3 पास दे दिया गया।
एडमिन इंचार्ज पर लोगों ने लगाए आरोप
राधास्वामी सत्संग में पधारे श्रद्धालुओं ने एडमिन इंचार्ज प्रवीण सलूजा को लेकर नाराजगी जाहिर की है। श्रद्धालुओं ने कहा कि सलूजा ने इस बार अपने मन से व्यवस्था बना दी। मनमाने तरीके से लोगों को पास बांट दिए। ऐसे लोगों को भी वीआईपी पास दे दिया, जिन्हें कभी मिलता ही नहीं था। इतना ही नहीं शिकायत करने के बाद भी सलूजा ने कोई ध्यान नहीं दिया।
पहली बार अकेले आए हैं हुजूर साहब
यह व्यवस्था तब बिगड़ी है जब पहली बार हुजूर साहब अकेले सत्संग करने आए हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि इससे पहले कभी परेशानी नहीं हुई और जब पहली बार हुजूर साहब आए तो व्यवस्था और चाक-चौबंद होनी थी। ऐसे में श्रद्धालुओं को काफी निराशा हुई है।
इंचार्ज ने कहा-ऐसा हुआ है तो क्षमाप्राथी हैं
राधास्वामी सत्संग के इंदौर के इंचार्ज डॉ.एच एस पटेल हैं। जब लोगों ने उन तक बात पहुंचाई तो उन्होंने कहा कि अगर ऐसी स्थिति हुई है, तो वे माफी मांगते हैं। आगे से ऐसा कुछ नहीं हो इसके इंतजाम किए जाएंगे।
पहले भी हुआ है जिम्मेदारों पर एक्शन
वैसे तो राधास्वामी सत्संग का आयोजन काफी व्यवस्थित तरीके से चलता है। यही वजह है कि इसके उदाहरण भी दिए जाते हैं, लेकिन कभी छोटी-मोटी गड़बड़ियां होती भी हैं तो शिकायत पर तुरंत एक्शन लिया जाता है। श्रद्धालुओं को उम्मीद है कि इस बार हुई परेशानी की शिकायत के बाद भी संबंधित लोगों पर एक्शन होगा।
भीड़ के हिसाब से इंतजाम जरूरी
राधास्वामी सत्संग में दिनोंदिन श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। सत्संग न्यास बेहतर व्यवस्थाओं की कोशिश करता है, लेकिन श्रद्धालुओं का कहना है कि भीड़ के हिसाब से और इंतजाम करने होंगे। इंदौर में आज यानी रविवार को ही जो भीड़ हुई है, उसे देखते हुए आनेवाले समय की कल्पना की जा सकती है। इसलिए व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त बनाना जरूरी है।