एबी रोड पर इंदौर के पास मानपुर में आपस में टकराए सात वाहन, ढलान पर तेज रफ्तार ट्रक के कारण हुआ हादसा.
इंदौर। इंदौर के पास एबी रोड पर मानपुर में एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया और वाहनों को टक्कर मारी। सात वाहन एक के बाद एक टकराए। इसके बाद इस व्यस्ततम मार्ग पर लंबा जाम लग गया। घटना के बाद मार्ग पर दो किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। हादसे में वाहन सवार लोगों को मामूली चोटें आईं है। इस दुर्घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना अभी तक नहीं है।
बताया जाता है कि यह हादसा मुबंई आगरा नेशनल हाईवे के ढलान वाले हिस्से में हुआ। यहां एक ट्रक ढलान पर उतर रहा था। उसकी स्पीड तेज थी। अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया। संभवत: ट्रक के ब्रेक फेल हुए। इसके बाद ट्रक ने एक मिनी ट्रक को टक्कर मारी। मिनी ट्रक आगे चल रही कार से टकराया और उसकी छत पर चढ़ गया। फिर आगे चल रही एक और कार व पिकअप वाहन में टक्कर हो गई। इस हादसे में वाहनों में सवार लोगों को चोटें भी आईं है। इस हादसे के बाद एक तरफ की लेन पूरी तरह बंद हो गई थी। इस कारण दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। करीब दो किलोमीटर तक वाहनों के पहिए थम गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर क्रेन की मदद से वाहनों को हटाया और फिर ट्रैफिक बहाल करवाया। टक्कर मारने वाले ट्रक ड्राइवर को पुलिस ने पकड़ लिया है।