इंदौर में सोनम के घर पहुंची पुलिस, शिलांग में पूछताछ के बाद एक और खुलासा-सोनम ने संजय वर्मा को 25 दिन में किए 119 कॉल.
इंदौर। राजा रघुवंशी हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। शिलांग पुलिस की एक टीम इंदौर आई है। उसने सोनम के घर जाकर उसके परिजनों से पूछताछ की। इस बीच शिलांग पुलिस की पूछताच में यह खुलासा हुआ है कि सोनम रघुवंशी एक संदिग्ध युवक संजय वर्मा से घंटों बातें करती थी। 1 मार्च से 25 मार्च के बीच में सोनम ने 119 बार संजय वर्मा को कॉल किया था।
बुधवार को सोनम रघुवंशी के इंदौर स्थित घर पर शिलांग पुलिस पहुंची। डेढ़ घंटे तक पुलिस ने सोनम के भाई गोविंद, मां और पिता से पूछताछ की। तीन अफसरों की टीम पूछताछ के लिए अपने साथ सवालों की सूची लेकर आए थे। उन्होंने गोविंद से पूछा कि सोनम के अकाउंट में इतनी राशि कैसे पहुंची। इसके अलावा शादी न करने के बारे में सोनम का क्या रुख था। इस बारे में भी उन्होंने सोनम की मां से सवाल किए। सोनम के भाई को शिलांग भी जाना होगा, क्योकि सोनम ने गाजीपुर से सबसे पहले गोविंद को ही कॉल किया था। जब सोनम की जैकेट खाई में मिली थी तो गोविंद ने कहा था कि जैकेट सोनम की नहीं है। तीनों अफसरों ने सोनम की मां से पूछा कि सोनम की शादी मर्जी से की गई या उसने इनकार किया था। राज व सोनम के रिश्ते के बारे में भी सवाल पूछे गए। गोविंद से अफसरों ने पूछा कि सोनम के बैंक अकाउंट में जो सोलह लाख रुपये थे। वह कहां से आए थे। कई सवालों के जवाब परिजन संतोषजनक नहीं दे पाए।
राजा रघुवंशी के परिजनों से मिल चुकी है पुलिस
शिलांग पुलिस मंगलवार को राजा रघुवंशी के परिवार से भी मिली थी। आधे घंटे तक सोनम से जुड़े सवाल अफसरों ने पूछे। पुलिस ने उस फ्लैट की तलाशी भी ली। जहां हत्या के बाद सोनम शिलांग से आकर छुपी थी। वहां पुलिस को कुछ नहीं मिला।
एक महीने पहले ही रची थी साजिश
पुलिस का मानना है कि सोनम ने शादी से करीब एक महीने पहले ही राजा को मारने की प्लानिंग शुरू कर दी थी। ऐसा इसलिए माना जा रहा है क्योंकि आरोपी सोनम, राज और विशाल की अप्रैल में ही मुलाकात हो चुकी थी। राज और सोनम ने अप्रैल माह में सुपर कॉरिडोर के अवंति रेस्टोरेंट में दो बार मिटिंग की थी। एक बार विशाल भी इसमें शामिल हुआ था। उस रेस्टोरेंट में ही राजा की हत्या की प्लानिंग की गई थी। राज के अलावा सोनम संजय वर्मा से भी बातें करती थी। संजय कौन है इसका अभी तक पता नहीं चला है। मार्च में सोनम ने संजय से 100 से ज्यादा बार बातें की है। संजय वर्मा सोनम की फर्म से भी नहीं जुड़ा है। सोनम के भाई गोविंद का कहना है कि वे किसी संजय नामक व्यक्ति को नहीं जानते है।