नगर पालिका अध्यक्ष का सीधे चुनाव कराने संबंधी विधेयक मोहन कैबिनेट ने किया मंजूर, एक दिसंबर को पूरे प्रदेश में मनाई जाएगी गीता जयंती.
भोपाल। मंगलवार को भोपाल में मोहन कैबिनेट की बैठक हुई। इसमें कई प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। कैबिनेट ने पूरे प्रदेश में एक दिसंबर को गीता जयंती मनाने का फैसला लिया। कैबिनेट ने नपा अध्यक्षों का सीधे चुनाव कराने संबंधी विधेयक पर भी अपनी मुहर लगा दी। बैठक में निवेश प्रस्तावों पर चर्चा के दौरान बताया गया कि हैदराबाद में आयोजित कार्यक्रम से 36,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
मोहन कैबिनेट ने एक दिसंबर से शुरू होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र में रखे जाने वाले करीब 9 हजार करोड़ रुपए के अनुपूरक बजट और विधेयकों को मंजूरी दी है। जिन विधेयकों को मंजूरी दी गई है, उसमें प्रदेश में नगर पालिका और नगर परिषद के अध्यक्ष पद का चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से सीधे मतदाताओं द्वारा कराए जाने संबंधी विधेयक भी शामिल हैं। इसके साथ ही बालाघाट हॉक फोर्स के निरीक्षक आशीष शर्मा के भाई को सब इंस्पेक्टर पद पर नियुक्ति देने और परिजनों को एक करोड़ रुपए की विशेष अनुग्रह राशि देने को भी मंजूरी दी गई है।
बैठक के बाद बताया गया कि नक्सल विरोधी अभियान के दौरान पुलिस-नक्सल मुठभेड़ में 19 नवंबर को वीरगति को प्राप्त हुए निरीक्षक (विशेष सशस्त्र बल) आशीष शर्मा, हॉक फोर्स बालाघाट के परिजन को 1 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता की स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही उनके छोटे भाई अंकित शर्मा को जिला पुलिस बल में उप निरीक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान किए जाने का निर्णय लिया गया है।
नपा अध्यक्ष चुनाव संबंधी विधेयक मंजूर
कैबिनेट ने प्रदेश में नगर पालिका और नगर परिषद के अध्यक्ष पद का निर्वाचन प्रत्यक्ष प्रणाली से सीधे मतदाताओं द्वारा कराए जाने संबंधी विधेयक को विधानसभा में प्रस्तुत किए जाने की स्वीकृति दी है। प्रदेश में वर्ष 1999 से 2014 तक नगर पालिका और नगर परिषद के अध्यक्ष पद का चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से सीधे मतदाताओं द्वारा कराए जाते रहे हैं। वर्ष 2022 में नगर पालिका और नगर परिषद के अध्यक्ष पद का चुनाव अप्रत्यक्ष प्रणाली से वार्डों के निर्वाचित पार्षदों के द्वारा कराए गए। महापौर का निर्वाचन प्रत्यक्ष प्रणाली से सीधे मतदाताओं द्वारा कराया जा रहा है।
313 विकासखंडों में मनेगी गीता जयंती
कैबिनेट ने तय किया कि अब पूरे मध्यप्रदेश में 1 दिसंबर को गीता जयंती भव्य रूप से मनाई जाएगी। राज्य के सभी 313 विकासखंडों में श्लोक पाठ और भजन-कीर्तन कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मध्यप्रदेश सरकार हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में भी सक्रिय रूप से सहभागिता करेगी। बैठक में दूसरा प्रमुख विषय राज्य में निवेश को बढ़ावा देना रहा। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के निवेश को लेकर किए जा रहे लगातार प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। हाल ही में हैदराबाद में हुए एक कार्यक्रम के दौरान राज्य को ₹36 हजार करोड़ से भी अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। यह भारी-भरकम निवेश राज्य के आर्थिक विकास और रोज़गार सृजन के लिए एक बड़ी सफलता है।