जबलपुर में दुर्गा मंदिर में तोड़फोड़ के बाद बवाल, दो पक्ष आपस में भिड़े, जमकर हुआ पथराव.
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में गुरुवार रात जमकर बवाल हो गया। बताया जाता है कि एक युवक ने दुर्गा मंदिर में तोड़फोड़ की, जिससे तनाव की स्थिति बन गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ। इसके बाद भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। अभी स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
बताया जाता है कि सिहोरा के आजाद चौक के दुर्गा मंदिर में आरती हो रही थी, तभी एक युवक ने मंदिर की ग्रिल तोड़ दी। इससे हिंदू पक्ष के लोग भड़क गए। झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव कर दिया। घटना के समय मंदिर में आरती और मस्जिद में नमाज लगभग एक ही समय पर हो रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। युवक के साथ मारपीट और मंदिर की ग्रिल तोड़ने के बाद पथराव में बदल गया। घटना की सूचना मिलते ही सिहोरा थाना पुलिस सहित आसपास के थानों का अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। हालात बिगड़ते देख भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए। अतिरिक्त बल भी बुलाया गया है और पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।