महू के आर्मी क्षेत्र में फटा बम, 15 साल के बच्चे की मौत, भेड़ चराते-चराते फायरिंग रेंज में पहुंच गया था.
महू। महू के किशनगंज अंतर्गत आने वाले आर्मी के फायरिंग रेंज में शुक्रवार को बम फटने से एक 15 साल के किशोर की मौत हो गई। किशोर अपने पिता के साथ भेड़ चराते हुए सेना की हेमा फायरिंग रेंज में पहुंच गया था। जहां जमीन में धंसा हुआ बम को निकालने में वह फट गया। हालांकि इस घटना की जानकारी देर रात तक इंदौर ग्रामीण पुलिस को नहीं दी गई।
बताया जाता है कि शुक्रवार शाम करीब 5 बजे की है। राजस्थान से भेड़ बकरी लेकर आए गडरिए पीथमपुर में डेरा डाले हुए हैं। शुक्रवार को गडरिए अंबाराम मैना और उसका 15 साल का बेटा भेड़ चरा रहा था। इस दौरान वह सेना की हेमा फायरिंग रेंज में पहुंच गए। जहां अनिल व अंबाराम अलग-अलग होकर भेड़ चरा रहे थे। इसी दौरान अनिल ने वहां पर धंसा हुआ बम देखा। अनिल ने उसे निकालने की कोशिश की इस दौरान बम फट गया। जिससे अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया। विस्फोट की आवाज सुनकर पिता अंबाराम अनिल के पास पहुंचा और उसे उठाकर बाहर लाया। पहले उसे महू के अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद एमवाय भेजा गया। यहां उसकी मौत हो गई।