पीओके में हिंसक प्रदर्शन और बलूचिस्तान में सैन्य अभियान.
पीओके में हिंसक प्रदर्शन और बलूचिस्तान में सैन्य अभियान
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में हड़ताल और विरोध प्रदर्शनों का सिलसिला दूसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक लोग घायल हुए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जम्मू कश्मीर संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी ने अधूरी मांगों को लेकर हड़ताल का आह्वान किया था। आंदोलन के दौरान कई जगहों पर दुकानें, होटल और बाजार बंद रहे, जबकि स्कूल खुले होने के बावजूद कक्षाएं खाली रहीं। समिति ने 38 सूत्रीय मांग पत्र जारी किया है, जिसमें ‘एलीट वर्ग’ की विशेष सुविधाएं खत्म करने और शरणार्थियों के लिए आरक्षित सीटों को हटाने जैसी मांगें शामिल हैं।
इस बीच, हिंसा और अशांति को देखते हुए पीओके में इंटरनेट और मोबाइल सेवाएं रविवार दोपहर से बंद हैं, और संकेत हैं कि हालात सामान्य होने तक पाबंदियां जारी रहेंगी।
दूसरी ओर, पाकिस्तान की सेना ने बलूचिस्तान प्रांत में दो अलग-अलग अभियानों में 13 आतंकियों को मार गिराने का दावा किया है। सेना के अनुसार, क्वेटा जिले में घेराबंदी और गोलीबारी के दौरान 10 खवारिज उग्रवादी ढेर किए गए, जबकि केच क्षेत्र में तीन और आतंकियों को मार गिराया गया।
सेना ने बताया कि मारे गए आतंकियों के पास से हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किए गए। सेना का दावा है कि कुछ आतंकी महिलाओं के वेश में छिपकर भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्हें भी मार गिराया गया।