अमेरिका में शटडाउन खत्म करने वाला बिल पास.
अमेरिका में शटडाउन खत्म करने वाला बिल पास
अमेरिका के हाउस ऑफ रिप्रेज़ेंटेटिव ने देश में चल रहे सरकारी शटडाउन को समाप्त करने से जुड़ा बिल पारित कर दिया है। यह बिल 222-209 मतों से पास हुआ।

हाउस ऑफ रिप्रेज़ेंटेटिव अमेरिकी संसद (कांग्रेस) का निचला सदन है, जबकि सीनेट इसका उच्च सदन है।
वोटिंग के दौरान अंत में छह डेमोक्रेट सांसदों ने इस रिपब्लिकन बिल का समर्थन किया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शटडाउन खत्म करने वाले बिल पर हस्ताक्षर कर दिए, जिसके साथ ही 43 दिन तक चला सरकारी शटडाउन आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया।
समझौते के तहत, बीते 43 दिनों में नौकरी से निकाले गए सभी संघीय कर्मचारियों को दोबारा नौकरी पर बहाल किया जाएगा। इससे अब सरकारी कामकाज सामान्य रूप से शुरू हो सकेगा और प्रभावित विभागों में कार्य फिर से पटरी पर लौटने की उम्मीद है।
शटडाउन के कारण कई सरकारी कामकाज ठप हो गए थे और बड़ी संख्या में संघीय कर्मचारी या तो छुट्टी पर चले गए थे या बिना वेतन के काम कर रहे थे।
दरअसल, सीनेट में सरकार के खर्चों से जुड़ा बिल पारित नहीं हो पाया था। सीनेट ने इस बिल को 14 बार खारिज किया था, जिसके चलते अमेरिका में शटडाउन की स्थिति बनी थी।