सलमान खुर्शीद ने पाकिस्तान को बताया अराजक, कहा – "संघर्षविराम उल्लंघन से स्पष्ट है वहां कोई नियंत्रण नहीं".
सलमान खुर्शीद ने पाकिस्तान को बताया अराजक, कहा – "संघर्षविराम उल्लंघन से स्पष्ट है वहां कोई नियंत्रण नहीं"
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बेनकाब करने के लिए विदेश गए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य, पूर्व विदेश मंत्री और कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने पाकिस्तान की स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए हैं।खुर्शीद ने कहा कि पाकिस्तान बार-बार संघर्षविराम का उल्लंघन कर रहा है, जिससे यह साफ होता है कि वहां की नागरिक सरकार का नियंत्रण कमजोर है और सेना के भीतर सत्ता संघर्ष चल रहा है। उन्होंने बताया कि सीमा पार और नियंत्रण रेखा पर तीन से चार घंटे तक गोलाबारी जारी रही, जो अराजकता की स्थिति को दर्शाता है।

उन्होंने पाकिस्तान को लेकर कहा, "वहां किसी का नियंत्रण नहीं है। नागरिक सरकार कमजोर है और सेना के भीतर के गुट आपस में ताकत हासिल करने की होड़ में लगे हैं। सलमान खुर्शीद ने दावा किया कि जब पाकिस्तान के डीजीएमओ ने भारत से शत्रुता समाप्त करने का अनुरोध किया, तभी भारत ने संयम बरतते हुए जवाबी कार्रवाई को रोका। उन्होंने इस बात को बकवास बताया कि भारत ने पहले पाकिस्तान को संपर्क किया था। उन्होंने कहा, "यह स्पष्ट है कि कॉल पाकिस्तान की ओर से आई थी और हमने तभी जवाब देना बंद किया जब उन्होंने कहा कि रुकें।"
कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि भारत एक महान राष्ट्र के रूप में उभर रहा है, और कोई भी हमारे विकास के मार्ग में बाधा नहीं बन सकता। उन्होंने पाकिस्तान को संदेश देते हुए कहा कि अगर वह समझदार है तो भारत की केवल एक मांग – आतंकवाद छोड़ने को समझे।
खुर्शीद ने यह भी स्पष्ट किया कि यह यात्रा किसी राजनीतिक दल की ओर से नहीं, बल्कि भारत की ओर से की जा रही है। उन्होंने कहा, "यह गर्व की बात है कि हम सभी दलों के प्रतिनिधि मिलकर एकजुटता के साथ भारत का संदेश लेकर आए हैं। हम किसी पार्टी का नहीं, भारत की एकता और सुरक्षा के विचार का समर्थन कर रहे हैं।"