ओमान में पीएम नरेंद्र मोदी को मिला ऑर्डर ऑफ ओमान सम्मान, फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर हुए हस्ताक्षर.
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओमान के दौरे पर हैं। इस दौरान गुरुवार को ओमान के सुल्तान हसीम बिन तारिक अल सईद से उन्होंने मुलाकात की। भारत और ओमान ने फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) पर हस्ताक्षर किए। प्रधानमंत्री मोदी को ऑर्डर ऑफ ओमान से सम्मानित किया गया।
भारत और ओमान ने गुरुवार को एक मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत भारत के 98 प्रतिशत निर्यात को ओमान के बाजार में ड्यूटी-फ्री पहुंच मिलेगी। इस समझौते से खास तौर पर कपड़ा, कृषि उत्पाद और चमड़ा उद्योग को बड़ा फायदा होने की उम्मीद है। इसके बदले में भारत ओमान से आने वाले कुछ उत्पादों पर आयात शुल्क में कटौती करेगा। इनमें खजूर, मार्बल और पेट्रोकेमिकल उत्पाद शामिल हैं। यह समझौता अगले वित्त वर्ष की पहली तिमाही से लागू होने की संभावना है। ऐसे समय में यह करार अहम माना जा रहा है, जब भारत को अपने सबसे बड़े निर्यात बाजार अमेरिका में 50 प्रतिशत तक के ऊंचे शुल्क का सामना करना पड़ रहा है।
केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ओमान के वाणिज्य, उद्योग और निवेश प्रोत्साहन मंत्री कैस बिन मोहम्मद अल यूसुफ से मुलाकात की। इस बैठक में भारत-ओमान के बीच आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की गई। गोयल ने इस बातचीत को उत्पादक बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंध पहले से ही मजबूत हैं और उन्हें नई ऊंचाइयों तक ले जाने की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।