न मेसी की झलक दिखी और न दिखे शाहरूख खान, भड़के फैन्स ने कर दी कोलकाता के स्टेडियम में तोड़फोड़, ममता ने मांगी माफी, जांच के लिए बनी कमेटी.
कोलकाता। कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी को देखने पहुंचे फैन्स को जब उनकी एक झलक भी नहीं दिखी तो उनका गुस्सा सातवें आसमन पर चढ़ गया। नाराज फैंस ने स्टैंड से बोतलें और कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दीं। स्थिति बिगड़ने के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच लियोनेल मेसी को सॉल्ट लेक स्टेडियम से बाहर ले जाया गया। अब इस मामले में पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने माफी मांगी है।
बताया जाता है कि मेसी के सॉल्ट लेक स्टेडियम में मैदान में आते ही हालात बेकाबू हो गए। इसके कारण कार्यक्रम को बीच में ही रोकना पड़ा। फैंस की शिकायत यह रही कि लियोनल मेसी कार्यक्रम में करीब दस मिनट ही नजर आए। कई दर्शकों का कहना था कि नेता और मंत्री मेसी को घेर कर खड़े रहे, जिससे आम लोग उन्हें ठीक से देख भी नहीं सके। मेसी ने न तो कोई किक लगाई और न ही पेनल्टी शूट की। फैंस जिस रोमांच की उम्मीद लेकर आए थे वह पूरी तरह गायब रहा।
12 हजार रुपए में खरीदा था टिकट
कार्यक्रम के बाद नाराज फैंस ने मीडिया से बात करते हुए अपना दर्द बताया. एक फैन ने कहा कि उसने बारह हजार रुपये का टिकट खरीदा था लेकिन मेसी का चेहरा तक नहीं देख पाया। कई माता पिता अपने बच्चों को लेकर आए थे जो मेसी के बड़े प्रशंसक हैं। फैंस का आरोप है कि इतना पैसा, समय और भावनाएं लगाने के बाद भी उन्हें कुछ नहीं मिला, जिससे उन्हें यह पूरा आयोजन धोखा जैसा लगा।आयोजन से पहले यह चर्चा थी कि कार्यक्रम में फिल्म अभिनेता शाहरुख खान भी नजर आएंगे, लेकिन कार्यक्रम में न शाहरुख खान आए और न ही कोई अन्य बड़ा आकर्षण दिखा।
सीएम ममता बनर्जी ने मांगी माफी, जांच के लिए कमेटी
ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर इस घटना के लिए माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि कुप्रबंधन की घटना से मैं अत्यंत व्यथित और स्तब्ध हूं। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए मैं लियोनेल मेस्सी के साथ-साथ सभी खेल प्रेमियों और उनके प्रशंसकों से तहे दिल से माफी मांगती हूं। मैं न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) आशीष कुमार राय की अध्यक्षता में एक जांच समिति का गठन कर रही हूं, जिसमें गृह एवं पर्वतीय मामलों के विभाग के मुख्य सचिव और अतिरिक्त मुख्य सचिव सदस्य होंगे। यह समिति घटना की विस्तृत जांच करेगी, जिम्मेदारी तय करेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उपाय सुझाएगी। एक बार फिर, मैं सभी खेल प्रेमियों से हार्दिक माफी मांगती हूं।