जापान: ऊपरी सदन चुनाव में सत्तारूढ़ गठबंधन को बहुमत नहीं, पीएम इशिबा की स्थिति हुई चुनौतीपूर्ण.
जापान: ऊपरी सदन चुनाव में सत्तारूढ़ गठबंधन को बहुमत नहीं, पीएम इशिबा की स्थिति हुई चुनौतीपूर्ण
जापान में रविवार को हुए संसद के ऊपरी सदन चुनावों में सत्तारूढ़ गठबंधन को बहुमत हासिल नहीं हो सका, जिससे प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा की राजनीतिक स्थिति कमजोर होती नजर आ रही है।

प्रधानमंत्री इशिबा के नेतृत्व वाली लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) और उसके सहयोगी दलों को 248 सदस्यीय ऊपरी सदन में सिर्फ 47 सीटें मिलीं, जो बहुमत के लिए जरूरी 50 सीटों से तीन कम हैं।
निचले सदन में पहले ही गंवा चुके हैं बहुमत
गौरतलब है कि जापान की संसदीय व्यवस्था में निचला सदन अधिक शक्तिशाली माना जाता है, और एलडीपी गठबंधन पिछले साल अक्टूबर में निचले सदन में भी बहुमत खो चुका है। इस ताजा नतीजे से सरकार के विधायी एजेंडे को और झटका लग सकता है।
प्रधानमंत्री इशिबा का रुख
इन चुनावी नतीजों के बाद भी प्रधानमंत्री इशिबा ने पद पर बने रहने का एलान किया है। उन्होंने इसका कारण अमेरिका के साथ प्रस्तावित व्यापार समझौता बताया, जिसकी समयसीमा बेहद निकट है।
इशिबा ने कहा,जापान को पहली अगस्त तक अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को अंतिम रूप देना है। यह मेरी प्राथमिक जिम्मेदारी है।”
राजनीतिक भविष्य पर सवाल
सत्तारूढ़ गठबंधन की लगातार पराजय और घटती लोकप्रियता ने प्रधानमंत्री इशिबा के नेतृत्व पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आगामी हफ्तों में उनके खिलाफ पार्टी के भीतर असंतोष और विपक्षी दबाव बढ़ सकता है।