कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में इजराइल का बड़ा कदम: 19 नई बस्तियों को मंज़ूरी, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तीखी प्रतिक्रिया.
कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में इजराइल का बड़ा कदम: 19 नई बस्तियों को मंज़ूरी, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तीखी प्रतिक्रिया
इजराइल की सुरक्षा कैबिनेट ने कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में 19 नई यहूदी बस्तियों को मान्यता देने का फ़ैसला किया है। यह प्रस्ताव अति-दक्षिणपंथी नेता और वित्त मंत्री बेजलेल स्मोट्रिच ने रक्षा मंत्री इराइल काट्ज के साथ मिलकर पेश किया था।
फ़ैसले के बाद स्मोट्रिच ने साफ कहा कि इसका उद्देश्य फिलिस्तीनी राज्य की स्थापना की संभावनाओं को रोकना है।
अंतरराष्ट्रीय क़ानून के तहत कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में इजराइली बस्तियों को अवैध माना जाता है। इस नए कदम की सऊदी अरब ने कड़ी निंदा की है। वहीं संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने चेतावनी दी है कि बस्तियों का लगातार विस्तार क्षेत्र में तनाव बढ़ा रहा है, फिलिस्तीनियों की जमीन तक पहुंच सीमित कर रहा है और एक संप्रभु फिलिस्तीनी राज्य की संभावना को गंभीर खतरे में डाल रहा है।
अक्तूबर 2023 में गाजा युद्ध शुरू होने के बाद से वेस्ट बैंक में हिंसा में तेज़ी आई है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि बस्तियों का विस्तार इजराइली कब्ज़े को और मजबूत करेगा गौरतलब है कि इससे पहले मई में इजराइल ने वेस्ट बैंक में 22 नई बस्तियों को मंज़ूरी दी थी, जिसे दशकों में सबसे बड़ा विस्तार माना गया था।