32 साल बाद शंघाई में भारत का नया वाणिज्य दूतावास भवन शुरू – द्विपक्षीय रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती.
32 साल बाद शंघाई में भारत का नया वाणिज्य दूतावास भवन शुरू – द्विपक्षीय रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती
भारत ने चीन के शंघाई में स्थित अपने कॉन्सुलेट जनरल (वाणिज्य दूतावास) के नए भवन का उद्घाटन किया है। इसकी जानकारी शंघाई में भारत के कॉन्सुलेट जनरल ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट के माध्यम से दी।

पोस्ट के अनुसार, चीन में भारत के राजदूत पी.के. रावत और कॉन्सुल जनरल प्रतीक माथुर ने नए कार्यालय का शुभारंभ किया। यह नया भवन भारत-चीन संबंधों को और मज़बूत करने तथा सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
करीब 32 साल बाद शंघाई में भारतीय वाणिज्य दूतावास का नया भवन शुरू किया गया है। शंघाई में स्थित यह दूतावास 1950 में स्थापित हुआ था और यह चीन में भारत का सबसे पुराना वाणिज्य दूतावास माना जाता है।
उद्घाटन समारोह में 30 देशों के कॉन्सुल जनरल, भारतीय समुदाय के सदस्य और कई अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।