मन की बात में पीएम मोदी ने की एआई समिट की तारीफ, साइबर ठगी से बचने के लिए पासवर्ड बदलते रहने की दी सलाह.
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात में दिल्ली में हुए एआई समिट की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि कई देशों के नेता, उद्योग जगत के लीडर्स, इनोवेटर्स और स्टार्टअप सेक्टर से जुड़े लोग इस समिट के लिए भारत मंडपम में एकत्र हुए। पीएम मोदी ने इस दौरान साइबर ठगी से बचने की सलाह भी दी।
पीएम मोदी ने कहा एआई समिट में वर्ल्ड लीडर और टेक सीईओ से मिलने का मौका मिला। समिट में इन दो प्रोडक्ट्स ने दुनिया भर के लीडर्स को बहुत प्रभावित किया। पहला प्रोडक्ट अमूल के बूथ पर था। इसमें बताया गया कि कैसे एआई जानवरों का इलाज करने में हमारी मदद कर रही है और कैसे 24x7 एआई असिस्टेंस की मदद से किसान अपनी डेयरी और जानवर का हिसाब रखते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि दूसरा प्रोडक्ट हमारी संस्कृति से संबंधित था। दुनिया भर के लीडर्स ये देखकर हैरत में पड़ गए कि कैसे एआई की मदद से हम हमारे प्राचीन ग्रंथों को, हमारे प्राचीन ज्ञान को, हमारी पांडुलिपियों को संरक्षित कर रहे हैं, आज की जनरेशन के अनुरूप ढ़ाल रहे हैं।
साइबर ठगी के प्रति जागरूक रहने की अपील
पीएम मोदी ने कहा कि कई बार पता चलता है कि किसी वरिष्ठ नागरिक की जीवनभर की कमाई ठग ली गई। कभी किसी उन पैसों की ठगी हो जाती है, जो उसने बच्चों की फीस जमा करने के लिए बचाए थे। कारोबारियों से धोखाधड़ी की खबरें भी हमें देखने को मिलती हैं। कोई फोन करता है और कहता है कि मैं एक बड़ा अधिकारी हूं। आपको कुछ डिटेल्स शेयर करनी होगी। इसके बाद भोले-भाले लोग ऐसा ही कर बैठते हैं। इसीलिए, आपका सतर्क रहना, जागरूक रहना बेहद जरूरी है। पीएम मोदी ने कहा कि ओटीपी, आधार नंबर या बैंक खाते संबंधी जानकारी किसी को भी न दें और सबसे अहम बात, अपने पासवर्ड को समय-समय पर जरूर बदलते रहें।
दूसरे देश की टीमों में भारतीय खिलाड़ी
पीएम मोदी ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का खासतौर से जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अमेरिका की टीम में कई चेहरे भारत के घरेलू क्रिकेट से निकले हुए हैं। अमेरिकी टीम के कप्तान मोनांक पटेल गुजरात की अंडर-16 और अंडर-18 टीम के लिये भी खेल चुके हैं। मुंबई के सौरभ, हरमीत सिंह, दिल्ली के मिलिंद कुमार, ये सब अमेरिकी टीम की शान हैं। ओमान की टीम में आज कई चेहरे हैं जो पहले भारत के अलग-अलग राज्यों में खेल चुके हैं। जतिंदर सिंह, विनायक शुक्ला, करन, जय, आशीष जैसे खिलाड़ी ओमान क्रिकेट की मजबूत कड़ी हैं। इसके अलावा न्यूजीलैंड, यूएई और इटली की टीमों में भी भारतीय मूल के खिलाड़ी अपनी जगह बना रहे हैं। ऐसे कितने ही भारतीय मूल के खिलाड़ी हैं जो अपने देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।